Friday, March 06, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर की प्रेमी की हत्या, बीच सड़क पर सरेआम चाकू से किया हमला; होली मनाने घर आया था शख्स

प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर की प्रेमी की हत्या, बीच सड़क पर सरेआम चाकू से किया हमला; होली मनाने घर आया था शख्स

Reported By : Yogendra Tiwari Edited By : Amar Deep Published : Mar 06, 2026 07:19 am IST, Updated : Mar 06, 2026 09:02 am IST

नागपुर में एक महिला ने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। दोनों ने बीच सड़क पर युवक पर चाकू से कई बार हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

बीच सड़क पर की युवक की हत्या। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बीच सड़क पर की युवक की हत्या।

नागपुर: जिले के खापरखेड़ा इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गुरुवार दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। दरअसल, खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर पति-पत्नी ने मिलकर एक युवक पर धारदार चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी महिला के बीच प्रेम संबंध थे। मृतक की पहचान सागर वानखेडे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सागर पुणे में नौकरी करता था और वह होली के लिए पुणे से अपने घर नागपुर आया था। फिलहाल पुलिस ने हत्या के आरोप में पति राजू गजभिये और पत्नी सोनाली गजभिये को गिरफ्तार कर लिया है।

पढ़ाई के समय से था प्रेम संबंध

जानकारी के अनुसार सोनाली और सागर के बीच पढ़ाई के समय से ही प्रेम संबंध थे। बाद में सोनाली की शादी राजू गजभिये से हो गई और उनके दो बच्चे भी हैं, लेकिन शादी के बाद भी सोनाली और सागर के बीच संपर्क बना हुआ था। इस बात को लेकर पहले भी राजू गजभिये ने खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि होली मनाने के लिए सागर पुणे से अपने गांव सावंगी आया था। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर सोनाली को मैसेज कर मिलने के लिए बुलाया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सागर खापरखेड़ा पहुंचा और श्याम मंगल कार्यालय के पास सोनाली उसकी बाइक पर बैठकर निकल गई। इस दौरान सोनाली अपने साथ एक चाकू भी लेकर गई थी। 

प्लान बनाकर की हत्या

राजू गजभिये भी बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दोनों के पीछे निकल पड़ा। खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर कोलार नदी का पुल पार करने के बाद सोनाली ने जानबूझकर अपनी पर्स नीचे गिरा दी। जैसे ही सागर बाइक रोककर पर्स उठाने लगा, सोनाली ने चाकू निकालकर उस पर दो वार कर दिए। उसी समय वहां पहुंचे राजू गजभिये ने भी सागर पर कई वार किए, जिससे घटनास्थल पर ही सागर की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति और पत्नी घर लौट गए और बाद में पुलिस स्टेशन में सरेंडर करने जा रहे थे तभी पुलिस की टीम ने उन्हें रास्ते में ही हिरासत में ले लिया।

पति-पत्नी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात कबूल की है। हत्या के बाद सागर के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर के सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है। कोराडी पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच पुलिस कर रही है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद खापरखेड़ा और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली के मालवीय नगर में बड़ी वारदात, दो बहनों की संदिग्ध हालत में मौत, मां बेहोश मिली

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement