नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी टू व्हीलर कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की बिक्री को नवंबर में कुछ झटका लगा है। कंपनी की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक नवंबर के दौरान उसके टू-व्हीलर की बिक्री 7 महीने के निचले स्तर पर दर्ज की गई है। हालांकि बिक्री कम रहने के बावजूद लगातार सातवें महीने बिक्री का आंकड़ा 6 लाख गाड़ियों की सेल के ऊपर बना हुआ है नवंबर 2016 में हुई बिक्री के मुकाबले 26 फीसदी अधिक है।
कंपनी की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक इस साल नवंबर के दौरान कंपनी ने कुल 6,05,270 टू व्हीलर की सेल की है जो अप्रैल के बाद सबसे कम मासिक बिक्री है, इस साल सितंबर में हीरो मोटोकॉर्प ने 7,20,739 टू व्लीहर की बिक्री का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया था लेकिन इसके बाद अक्टूबर और अब नवंबर में लगातार बिक्री में कमी आई है, अक्टूबर में कंपनी ने कुल 6,31,105 टू व्हीलर की सेल की थी।
हालांकि बिक्री तुलना अगर नवंबर 2016 में हुई सेल से की जाए तो इस साल पिछले साल के मुकाबले कंपनी ने 26 फीसदी अधिक गाड़ियों की सेल की है, पिछले साल नवंबर के दौरान हीरो मोटोकॉर्प ने 4,79,856 टू व्हीलर की सेल की थी। मई 2017 से लेकर नवंबर 2017 तक लगातार 7वें महीने कंपनी ने 6 लाख से अधिक टू व्हीलर बेचे हैं। कंपनी के मुताबिक बीते नवंबर के दौरान उसने 5,25,224 बाइक्स और 80,046 स्कूटर की बिक्री की है।