1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. आधे भारत में नंबर-1 टू-व्‍हीलर ब्रांड बना होंडा, जल्‍द हीरो मोटोकॉर्प को पीछे छोड़ने की है तैयारी

आधे भारत में नंबर-1 टू-व्‍हीलर ब्रांड बना होंडा, जल्‍द हीरो मोटोकॉर्प को पीछे छोड़ने की है तैयारी

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Dec 19, 2017 05:03 pm IST,  Updated : Dec 19, 2017 05:03 pm IST

दोपहिया वाहन निर्माता होंडा मोटरसाइकिल एंड स्‍कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने मंगलवार को भारत के आधे से अधिक हिस्से में उपभोक्ताओं का पसंदीदा नंबर-1 ब्रांड बनने की घोषणा की है।

Hero MotoCorp- India TV Hindi
Hero MotoCorp

नई दिल्‍ली। दोपहिया वाहन निर्माता होंडा मोटरसाइकिल एंड स्‍कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने मंगलवार को भारत के आधे से अधिक हिस्से में उपभोक्ताओं का पसंदीदा नंबर-1 ब्रांड बनने की घोषणा की है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि होंडा भारत के 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में नंबर-1 टू-व्‍हीलर ब्रांड है। देश में बेचे जाने वाले दोपहिया वाहनों का 52 फीसदी हिस्सा होंडा का है।

इन 17 बाजारों में संपूर्ण पश्चिमी क्षेत्र (महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा), संपूर्ण दक्षिणी क्षेत्र (आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक) तथा पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि होंडा ने केवल छह साल की अवधि में यह सफलता हासिल की है। 2011 में होंडा का नेतृत्व सिर्फ एक राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश (अरुणाचल प्रदेश एवं गोवा) तक सीमित था, जो 2017 में विस्तारित होकर 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंच गया है।

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिनोरू काटो ने बताया कि आज के उपभोक्ताओं की जरूरतों और सपनों को समझते हुए होंडा भारतीय समाज का दिल जीतने के लिए लगातार अपना विस्तार कर रही है। हमने उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद पहुंचाने के लिए तेजी से निवेश किया है। मात्र छह सालों में होंडा संयंत्र की संख्या एक से बढ़कर चार तक पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि भारत के अन्य बड़े राज्यों में भी होंडा की बिक्री पिछले 6 सालों में दोपहिया उद्योग की तुलना में दोगुना तेजी से बढ़ी है। कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) यदविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा कि होंडा ने भारतीयों की दोपहिया वाहनों की सवारी के तरीकों को ही बदल डाला है। होंडा आज प्रगतिशील राज्य की पहली पसंद बन चुका है, यहां तक कि मोटरसाइकल पसंद करने वाले राज्य भी अब तेजी से स्कूटरीकरण की ओर रुख कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश हो, राजस्थान, पश्चिमी बंगाल, बिहार, उड़ीसा, झारखंड या छत्तीसगढ़, इन सभी राज्यों में स्कूटर सबसे तेजी से विकसित होता सेगमेंट बन चुका है। ‪

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा