1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी 12,250 के ऊपर

शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी 12,250 के ऊपर

 Written By: India TV Business Desk
 Published : Jan 10, 2020 09:30 am IST,  Updated : Jan 10, 2020 11:29 am IST

शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 195.25 अंक उछलकर 41,647.60 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 56.65 अंकों की तेजी के साथ 12,272.55 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

Stock Market, Sensex, BSE Sensex, share Market news - India TV Hindi
शेयर बाजार में तेजी जारी

नई दिल्ली/मुंबई। अमेरिका और ईरान के मध्य तनाव कम होने की संभावना के बीच आईटी और बैंकिंग शेयरों में तेजी से बीएसई का सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 200 अंक से ज्यादा बढ़ गया। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 211.91 अंक यानी 0.51 प्रतिशत बढ़कर 41,664.26 अंक पर पहुंच गया। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती दौर में 65.10 अंक यानी 0.53 प्रतिशत चढ़कर 12,281 अंक पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 7 पैसे बढ़कर 71.14 के स्तर पर खुला। 

जानिए आज के गेनर और लूजर

सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक बैंक में सर्वाधिक 1.35 प्रतिशत तक की तेजी आई। एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एलएंडटी, हीरो मोटोकॉर्प और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। दूसरी ओर, पावरग्रिड, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और नेस्ले इंडिया के शेयरों में गिरावट रही। गौरतलब है कि सेंसेक्स गुरुवार को 634.61 अंक अर्थात 1.55 प्रतिशत बढ़कर 41,452.35 अंक जबकि निफ्टी 190.55 अंक (1.58 प्रतिशत) चढ़कर 12,215.90 अंक पर बंद हुआ था। 

कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिकी सांसदों ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने की राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शक्ति पर लगाम लगाने के लिए बृहस्पतिवार को प्रस्ताव पेश किया। इस कदम से अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की संभावना बढ़ गई है। इससे घरेलू शेयर बाजार में तेजी का रुख रहा। एशियाई बाजारों में हांगकांग, तोक्यो और सियोल के बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा जबकि शंघाई में गिरावट देखी गई। 

कच्चे तेल में नरमी के बीच रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे मजबूत

वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे बढ़कर 71.14 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी विनियम बाजार में रुपया मामूली गिरावट के साथ 71.25 रुपए प्रति डॉलर पर खुला। हालांकि, घरेलू मुद्रा जल्द ही सुधरकर शुरुआती कारोबार में 71.14 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गयी। 

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की संभावना से रुपया गुरुवार को 48 पैसे बढ़कर 71.21 रुपए प्रति डॉलर बंद हुआ था। वैश्विक बाजारों में शुक्रवार को तेजी देखी गई। निवेशक पश्चिमी एशिया के घटनाक्रमों से बढ़कर अमेरिका-चीन व्यापार समझौते पर ध्यान केंद्रीत कर रहे हैं। इस बीच, ब्रेंट कच्चा तेल 0.23 प्रतिशत फिसलकर 65.21 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा