1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष अगस्त में 31 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष अगस्त में 31 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 08, 2018 02:44 pm IST,  Updated : Sep 08, 2018 02:44 pm IST

ट्रंप प्रशासन की ओर से भारी भरकम शुल्क लगाने के बावजूद अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष अगस्त में बढ़कर 31 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार मोर्चे पर जारी लड़ाई को और हवा मिलने की आशंका जताई जा रही है।

china trade- India TV Hindi
china trade Image Source : CHINA TRADE

बीजिंग। ट्रंप प्रशासन की ओर से भारी भरकम शुल्क लगाने के बावजूद अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष अगस्त में बढ़कर 31 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार मोर्चे पर जारी लड़ाई को और हवा मिलने की आशंका जताई जा रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चीन से आयातित सभी वस्तुओं पर शुल्क लगाने की धमकी के बाद यह आंकड़े जारी हुए हैं। चीन के कस्टम (सीमा शुल्क) विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका को चीन का निर्यात अगस्त में बढ़कर 44.4 अरब डॉलर हो गया। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि से 13.2 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान, अमेरिका से आयात 13.3 अरब डॉलर रहा। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि से महज 2 प्रतिशत अधिक है।

अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष अगस्त में 31 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पिछले वर्ष अगस्त की तुलना इसमें 18.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इससे पहले जून में उसका व्यापार अधिशेष 28.9 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर था।

आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष में फिर से वृद्धि दर्ज की गई, जबकि बाकी दुनिया के साथ उसका व्यापार अधिशेष 27.9 अरब डॉलर पर स्थिर रहा। पिछले वर्ष अगस्त के मुकाबले इस बार चीन के वैश्विक निर्यात में 9.8 प्रतिशत, जबकि आयात में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हालांकि, यह आंकड़ा जुलाई की तुलना में कम है। इस दौरान निर्यात में 12.2 प्रतिशत और आयात में 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

उल्लेखनीय है कि विश्व की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच महीनों से व्यापार मोर्चे पर जंग जारी है। इस समस्या के समाधान के लिए विचार-विमर्श जारी है। अमेरिका और चीन के बीच जारी तनाव से वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचने की भी आशंका सता रही है। ट्रंप ने इस वर्ष जुलाई में चीन से आयातित 34 अरब डॉलर की वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक सीमा शुल्क लगाया था। इसके बाद अगस्त में 16 अरब डॉलर की वस्तुओं पर शुल्क लगाया। इसके बाद चीन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए शुल्क लगाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा