1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. धोनी बने बिहार झारखंड के सबसे बड़े करदाता, 2017-18 में जमा किया 12 करोड़ का टैक्‍स

धोनी बने बिहार झारखंड के सबसे बड़े करदाता, 2017-18 में जमा किया 12 करोड़ का टैक्‍स

 Published : Jul 24, 2018 11:59 am IST,  Updated : Jul 24, 2018 11:59 am IST

महेंद्र सिंह धोनी ने वित्‍त वर्ष 2017-18 के दौरान 12.17 करोड़ का टैक्‍स जमा किया है। इसके साथ ही धोनी बिहार और झारखंड में सबसे ज्‍यादा टैक्‍स देने वाले व्‍यक्ति भी बन गए हैं।

MS Dhoni- India TV Hindi
MS Dhoni

नई दिल्‍ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी मैदान के बाहर भी नंबर-1 बन गए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने वित्‍त वर्ष 2017-18 के दौरान 12.17 करोड़ का टैक्‍स जमा किया है। इसके साथ ही धोनी बिहार और झारखंड में सबसे ज्‍यादा टैक्‍स देने वाले व्‍यक्ति भी बन गए हैं। आयकर मुख्‍यालय (बिहार और झारखंड) की सह आयुक्‍त निशा अरोन ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी ने वित्त वर्ष 2017-18 में बिहार झारखंड क्षेत्र से सबसे ज्यादा टैक्स जमा किया है।

वैसे धोनी के रिकॉर्ड की बात करें तो वे पिछले कई साल से बिहार झारखंड के सबसे ज्‍यादा कर अदा करने वाले व्‍यक्ति हैं। 2016-17 में भी धोनी ने 10.93 करोड़ रुपए का टैक्स जमा किया था। इससे पहले 2013-14 में भी धोनी सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले व्‍यक्ति थे। आपको बता दें कि विराट कोहली के बाद धोनी सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले क्रिकेटर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक 2015 में महेंद्र सिंह धोनी की नेट वर्थ 111 मिलियन डॉलर (करीब 765 करोड़ रुपए) थी। उस साल धोनी ने करीब 217 करोड़ रुपए कमाए थे। इसमें 24 करोड़ रुपये के करीब उनकी सैलरी और बाकी पैसा विज्ञापनों से आया था।

फिलहाल धोनी टेस्‍ट क्रिकेट से सन्‍यास ले चुके हैं। धोनी आईपीएल टीम चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के कप्‍तान हैं।उन्‍हीं की कप्‍तानी में इस बार उनकी टीम आईपीएल चैंपियन बनी है। क्रिकेट के अलावा धोनी फुटबॉल और हॉकी में भी हाथ आजमा रहे हैं। इंडियन सुपर लीग में उनकी फुटबॉल की एक टीम है और हॉकी इंडिया लीग में वह रांची टीम के जॉइंट ओनर हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा