1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. एक्शन में वित्त मंत्री पीयूष गोयल, सरकारी बैंकों के प्रमुखों के साथ आज करेंगे बैठक

एक्शन में वित्त मंत्री पीयूष गोयल, सरकारी बैंकों के प्रमुखों के साथ आज करेंगे बैठक

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 27, 2019 03:04 pm IST,  Updated : Jan 28, 2019 08:01 am IST

वित्त मंत्री पीयूष गोयल सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ सोमवार को बैठक करेंगे।

वित्त मंत्री पीयूष...- India TV Hindi
वित्त मंत्री पीयूष गोयल (File Photo) Image Source : PTI

नई दिल्ली: वित्त मंत्री पीयूष गोयल सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ सोमवार को बैठक करेंगे। सूत्रों ने बताया कि बैठक में बैंकिंग क्षेत्र की समीक्षा और सरकारी बैंकों की वित्तीय हालत बेहतर करने के विषय पर चर्चा किए जाने की संभावना है। अहम बात ये है कि ये बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब सरकार एक फरवरी को 2019-20 को अपना आखिरी बजट पेश करने जा रही है। बता दें कि इसी साल अप्रैल-मई में आम चुनाव होने वाले हैं।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास भी मौजूद रह सकते हैं। मौद्रिक नीति समिति की सात फरवरी को बैठक होगी। नवनियुक्त गवर्नर दास के लिए समिति की ये पहली बैठक होगी। गोयल को पिछले बुधवार को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया, क्योंकि अरुण जेटली अमेरिका में अपना इलाज करा रहे हैं। बैठक में बैंकों की फंसे कर्ज की स्थिति और अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं के अनुपालन की समीक्षा भी होगी। साथ ही छोटे एवं मझोले उद्योग (एमएसएमई), कृषि और खुदरा क्षेत्र को ऋण बांटने की स्थिति का भी जायजा लिया जा सकता है। इसके अलावा बैंकों के दिसंबर 2018 तक नौ माह के प्रदर्शन की भी समीक्षा बैठक में होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा