इस्लामाबाद। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को बजट घाटा कम करने के उपाय सुझाने के लिए इस महीने एक सहायता (एसओएस) मिशन भेज रहा है। स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को एक खबर में इसकी जानकारी दी।
Related Stories
न्यूज इंटरनेशनल ने पाकिस्तान में आईएमएफ की क्षेत्रीय प्रमुख टेरेसा दबान शैंकेज के हवाले से कहा कि आईएमएफ की टीम राजकोषीय मुद्दों पर चर्चा करने तथा राजकोषीय घाटा को कम कर ऐच्छिक दायरे में लाने के उपायों पर गौर करने के लिए 16-20 सितंबर के दौरान पाकिस्तान की यात्रा करेगी।
यह निर्णय पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की खराब होती वित्तीय स्थिति को देखते हुए लिया गया है। खबर में आधिकारिक सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि आईएमएफ की एक तकनीकी टीम अशुर मोहर्रम के बाद संभवत: 17 सितंबर से 10 दिनों के लिए पाकिस्तान की यात्रा करेगी।
खबर के अनुसार पहले यह समीक्षा नवंबर में होने वाली थी। इसे पहले करने से इस बात के संकेत मिलते हैं कि राजकोषीय घाटा बढ़ने से आईएमएफ खुश नहीं है।