नई दिल्ली। अपने नेक्सा आउटलेट्स की विशिष्ट पहचान बनाने के लिए देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की योजना प्रीमियम खुदरा श्रृंखला के तहत बिकने वाले वाहनों के लिए अलग सर्विसिंग नेटवर्क की योजना बनाई है। इतना ही नहीं कंपनी ने इस साल के अंत तक नेक्सा नेटवर्क के तहत बिक्री के लिए दो और नए मॉडल बलेनो आरएस तथा इग्निस हैचबैक को जोड़ने की योजना बनाई है।
मारुति की योजना अपनी प्रीमियम हैचबैक का उत्पादन बढ़ाकर 12,000 इकाई मासिक करने की है ताकि इंतजार की अवधि को घटाया जा सके। मारुति के कार्यकारी निदेशक (बिक्री एवं विपणन) आर एस कल्सी ने कहा, फिलहाल हम नेक्सा उत्पादों के लिए 3,000 परंपरागत वर्कशॉप का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमारी योजना नेक्सा के लिए अलग वर्कशॉप की है। इस साल हमारी योजना पायलट परियोजना लाने की है और बाद में हमारा इरादा इसे शुरू करने का है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा नेक्सा डीलरशिप को इन वर्कशॉप के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। नेक्सा श्रृंखला के तहत पेश किए जाने वाले मॉडलों पर कल्सी ने कहा कि हमारी चार मॉडलों की योजना है। बलेनो आरएस तथा इग्निस को इस साल के अंत तक पेश किया जाएगा। दीर्घावधि में 2020 तक हमारी योजना 15 मॉडल इसके तहत लाने की है।