नई दिल्ली। आज सुबह पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुनील मेहता सीरियस फ्रॉड इंवेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) के सामने अपना बयान दर्ज करवाने के लिए पेश हुए। PNB के CMD को एसएफआईओ ने 12,636 करोड़ रुपए के घोटाले से जुड़े मामले में तलब किया है। मंगलवार को कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय की जांच इकाई एसएफआईओ ने एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारियों को तलब किया था।
Related Stories
ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी की कंपनियों से जिन 31 बैंकों का लेनदेन रहा है, उनके अधिकारियों को तलब किया जाएगा। नीरव मोदी और मेहुल चोकसी पर आरोप है कि उन्होंने एलओयू और एफएलसी के जरिए भारतीय बैंकों की विदेशी शाखाओं से धोखाधड़ी करते हुए 12,636 करोड़ रुपए का 'चूना' लगाया। ये लेनदेन पंजाब नेशनल बैंक के मुंबई स्थित ब्रैडी हाउस शाखा से किया गया था।
पीएनबी धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई अब तक एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व और वर्तमान कर्मचारी के अलावा नीरव मोदी और मेहुल चोकसी की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी शामिल हैं।