नयी दिल्ली। रिजर्व बैंक की जांच में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के बीते वित्त वर्ष के फंसे कर्ज (गैर निष्पादित परिसंपत्ति) 2,617 करोड़ रुपए ज्यादा पायी गयी है। आरबीआई की जोखिम आकलन रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। पंजाब नेशनल बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि केंद्रीय बैंक की ओर से किए आकलन के अनुसार, 2018-19 में पीएनबी का सकल एनपीए 81,089.70 करोड़ रुपए था।
Related Stories
यह बैंक द्वारा दिखाए गए 78,472.70 करोड़ रुपए के सकल एनपीए से 2,617 करोड़ रुपए अधिक है। यही नहीं, आरबीआई ने शुद्ध एनपीए में भी 2,617 करोड़ रुपए का अंतर पाया है। वहीं, फंसे कर्ज के लिए प्रावधान में 2,091 करोड़ रुपए का अंतर निकला है। बैंक ने कहा कि आरबीआई के आकलन के आधार पर उसे 2018-19 में 11,335.90 का शुद्ध घाटा हुआ होता जबकि बैंक ने 9,975.49 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा दिखाया था।
पीएनबी ने कहा उसने पिछले वित्त वर्ष में 78,472.70 करोड़ रुपए का सकल एनपीए दिखाया जबकि आरबीआई के आकलन के मुताबिक यह आंकड़ा 81,089.70 करोड़ रुपए था। इसी प्रकार, पीएनबी ने बीते वित्त वर्ष में शुद्ध एनपीए 30,037.66 करोड़ रुपए बताया। आरबीआई के मूल्यांकन के हिसाब से शुद्ध एनपीए 32,654.66 करोड़ रुपए था। बैंक ने 2018-19 में फंसे कर्ज के लिए 48151.15 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था लेकिन इसके लिए 50,242.15 करोड़ रुपए का प्रावधान किये जाने की जरुरत थी।