1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. साल के पहले दिन रुपया हुआ मजबूत, डॉलर के मुकाबले 34 पैसे चढ़कर 69.43 रुपए पर हुआ बंद

साल के पहले दिन रुपया हुआ मजबूत, डॉलर के मुकाबले 34 पैसे चढ़कर 69.43 रुपए पर हुआ बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 01, 2019 08:18 pm IST,  Updated : Jan 01, 2019 08:18 pm IST

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया साल के पहले दिन मंगलवार को 34 पैसे बढ़कर 69.43 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

rupee- India TV Hindi
rupee Image Source : RUPEE

मुंबई। घरेलू रुपए की विनिमय दर में 2019 के पहले दिन मजबूती का रुख रहा। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया साल के पहले दिन मंगलवार को 34 पैसे बढ़कर 69.43 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया। निर्यातकों की डॉलर बिकवाली और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती का रुख रहने से डॉलर के मुकाबले रुपए में भी मजबूती रही। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में रुपया 92 पैसे चढ़ा है। 

कारोबारियों का कहना निर्यातकों और बैंकों की डॉलर बिकवाली से रुपए में मजबूती आई। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में आज कारोबार की शुरुआत 69.63 रुपए प्रति डॉलर पर हुई। कारोबार के दौरान यह और मजबूत होकर 69.43 रुपए प्रति डॉलर तक पहुंच गया, जबकि अंत में यह पिछले दिन के मुकाबले 34 पैसे ऊंचा रहकर 69.43 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। 

इससे पहले सोमवार को रुपए ने 2018 की समाप्ति 18 पैसे की मजबूती के साथ की। 31 दिसंबर 2018 को रुपया 18 पैसे बढ़कर 69.77 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। हालांकि पूरे साल की यदि बात की जाए तो घरेलू मुद्रा 9.23 प्रतिशत नीचे रही है। वर्ष 2017 के अंत में यह 63.87 रुपए प्रति डॉलर के स्तर पर थी। 

देश के शेयर बाजार में भी नए साल की शुरुआत सकारात्मक रुख में हुई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स पहले दिन मंगलवार को 186 अंक गिरकर 36,254.57 अंक पर पहुंच गया। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 47.55 अंक यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 10,910.10 अंक पर बंद हुआ। 

फाइनेंसियल बेंचमार्क इंडिया प्रा. लि. ने रुपया-डॉलर के लिउ संदर्भ दर 69.7131 रुपए प्रति डॉलर और यूरो के लिए 79.93 रुपए प्रति यूरो रखी है। ब्रिटिश पौंड के लिए 88.97 और जापानी येन के लिए 63.57 रुपए प्रति 100 येन की संदर्भ दर रखी गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा