1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 3 महीने बाद डॉलर के सामने तन कर खड़ा हुआ रुपया, 24 अगस्‍त के बाद पहली बार 69.85 पर हुआ बंद

3 महीने बाद डॉलर के सामने तन कर खड़ा हुआ रुपया, 24 अगस्‍त के बाद पहली बार 69.85 पर हुआ बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 29, 2018 06:45 pm IST,  Updated : Nov 29, 2018 06:45 pm IST

3 महीने बाद डॉलर के मुकाबले रुपया तन कर खड़ा हुआ है। गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 77 पैसे मजबूत होकर 69.85 पर बंद हुआ

rupee- India TV Hindi
rupee Image Source : RUPEE

मुंबई। 3 महीने बाद डॉलर के मुकाबले रुपया तन कर खड़ा हुआ है। गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 77 पैसे मजबूत होकर 69.85 पर बंद हुआ, जो तीन महीने का उच्‍चतम स्‍तर है। निर्यातकों की डॉलर बिकवाली और कच्चे तेल के दाम में नरमी से रुपए में यह मजबूती आई है।  

मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि घरेलू शेयर बाजारों में तेजी के रुझान और कमजोर वैश्विक परिदृश्‍य से स्‍थानी मुद्रा को बल मिला है। यह लगातार तीसरा दिन है जब रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के नरम रुख वाली टिप्पणी के बाद वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख से निवेशक धारणा मजबूत हुई। 

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 453.46 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 36,170.41 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 129.85 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,858.70 अंक बंद हुआ। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत लुढ़कर 58.15 डॉलर प्रति बैरल रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में गुरुवार को रुपया 70.15 के स्‍तर पर खुला। इसके बाद दिन के कारोबार में यह 69.78 के उच्‍चतम स्‍तर तक गया। अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 77 पैसे की मजबूती के साथ 69.85 पर बंद हुआ। इससे पहले 24 अगस्‍त को रुपया 69.91 पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा