1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 92% कर्मचारियों को अप्रैल का आंशिक वेतन ही देगी स्पाइसजेट

92% कर्मचारियों को अप्रैल का आंशिक वेतन ही देगी स्पाइसजेट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 30, 2020 05:15 pm IST,  Updated : Apr 30, 2020 05:15 pm IST

योजना के मुताबिक कर्मचारियों को उनके काम के घंटों के आधार पर भुगतान होगा

SpiceJet- India TV Hindi
SpiceJet

नई दिल्ली। कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन के चलते स्पाइसजेट अपने करीब 92 प्रतिशत कर्मचारियों को अप्रैल महीने में आंशिक वेतन का ही भुगतान कर सकेगी। बजट एयरलाइन ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि कंपनी पिछले एक महीने से अधिक से उड़ानों का परिचालन नहीं कर पा रही है। ऐसे में उसकी आमदनी का प्राथमिक स्रोत घट रहा है। एयरलाइन ने कहा कि वह कर्मचारियों को अप्रैल माह का आंशिक वेतन ही देगी। हालांकि, किसी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा।

स्पाइसजेट ने बयान में कहा कि पूर्ण बंद की स्थिति में कर्मचारियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुये एक कंपनी ने खास रूपरेखा तय की है। इसके तहत कर्मचारियों के काम के घंटों के हिसाब से उन्हें भुगतान किया जाएगा। इसके लिए एक निश्चित सीमा तय की गई है। एयरलाइन ने बुधवार को अपने पायलटों से कहा था कि उन्हें अप्रैल और मई का वेतन नहीं दिया जाएगा। वहीं कार्गो उड़ानों का परिचालन करने वाले पायलटों को उड़ान के घंटों के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। स्पाइसजेट ने मार्च में अपने वरिष्ठ और मध्यम स्तर के कर्मचारियों के वेतन में 10 से 30 प्रतिशत की कटौती की थी। कोविड-19 की वजह से भारत में 25 मार्च से राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू है। इस दौरान सभी वाणिज्यिक उड़ानें बंद हैं। हालांकि, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कार्गो उड़ानों, चिकित्सा आपूर्ति और अन्य जरूरतों से संबंधित उड़ानों तथा विशेष उड़ानों के परिचालन की अनुमति दी है। लॉकडाउन की वजह से देश का विमानन उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा