1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. उदय कोटक आज बेचेंगे कोटक महिंद्रा बैंक में अपनी 2.83% हिस्‍सेदारी, 6804 करोड़ रुपए की होगी आय

उदय कोटक आज बेचेंगे कोटक महिंद्रा बैंक में अपनी 2.83% हिस्‍सेदारी, 6804 करोड़ रुपए की होगी आय

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 02, 2020 08:10 am IST,  Updated : Jun 02, 2020 08:10 am IST

रिजर्व बैंक के प्रावधान के हिसाब से किसी बैंक में प्रवर्तक की अधिकतम हिस्सेदारी 26 प्रतिशत हो सकती है।

Uday Kotak To Sell Kotak Mahindra Bank Shares today - India TV Hindi
Uday Kotak To Sell Kotak Mahindra Bank Shares today  Image Source : GOOGLE

नई दिल्‍ली। अरबपति बैंकर उदय कोटक मंगलवार को कोटक महिंद्रा बैंक में अपनी 2.83 प्रतिशत हिस्‍सेदारी बेचेंगे। उल्‍लेखनीय है कि उदय कोटक भारतीय रिजर्व बैंक के साथ सीमा से अधिक शेयरधारिता के मामले में काफी लंबे समय से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक उदय कोटक अपनी यह हिस्‍सेदारी लगभग 6804 करोड़ रुपए में बेचेंगे।  

सूत्रों ने बताया कि उदय कोटक की बैंक में अधिक हिस्सेदारी होने के कारण रिजर्व बैंक के साथ लंबे समय से खींचतान चल रही थी। इसे लेकर कोटक ने रिजर्व बैंक के खिलाफ दिसंबर 2018 में बांबे उच्च न्यायालय की शरण ली थी। यह मामला अभी अदालत में लंबित है।

इस बिक्री से बैंक में उनकी हिस्सेदारी घट कर 26 प्रतिशत पर आ जाएगी, जो आरबीआई द्वारा तय नियम के दायरे में होगी। मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ब्लॉक डील के जरिये हिस्सेदारी को कम किया जाएगा। यह सौदा जल्द ही होगा और इसकी दर 1,215 रुपए से 1,240 रुपए प्रति शेयर के बीच होगी। कच्चे बेचीनामे के अनुसार उदय कोटक बैंक के 5.6 करोड़ या 2.83 प्रतिशत हिस्सेदारी थोक सौदे में बेचेंगे। उनके शेयर कम होने के बाद बैंक में उनका हिस्सा 28.93 प्रतिशत से घट कर 26.1 प्रतिशत रह जाएगा।

कीमत दायरे के न्यूनतम स्तर की बोली के हिसाब से भी 2.83 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए उन्हें कम से कम 6,804 करोड़ रुपए मिलेंगे। सबसे ऊंचे स्तर की बोली में प्राप्ति 6,944 करोड़ रुपए की हो सकती है। रिजर्व बैंक के प्रावधान के हिसाब से किसी बैंक में प्रवर्तक की अधिकतम हिस्सेदारी 26 प्रतिशत हो सकती है। कोटक महिंद्रा बैंक देश का चौथा सबसे बड़ा निजी बैंक है। उदय कोटक एशिया में बैंक का कारोबार करने वालों में सबसे अमीर व्यक्ति हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा