1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Advantage Assam 2.0: 80,000 करोड़ के रोड प्रोजेक्ट पर जल्द शुरू होगा काम, जलमार्ग विकास पर इतने होंगे खर्च

Advantage Assam 2.0: 80,000 करोड़ के रोड प्रोजेक्ट पर जल्द शुरू होगा काम, जलमार्ग विकास पर इतने होंगे खर्च

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Feb 26, 2025 02:40 pm IST,  Updated : Feb 26, 2025 02:40 pm IST

स्टार सीमेंट लिमिटेड ने असम में 3,200 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट क्लिंकर और ग्राइंडिंग संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। राज्य सरकार और कंपनी के बीच इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

‘Advantage Assam 2.0- India TV Hindi
‘एडवांटेज असम 2.0 Image Source : FILE

सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि असम में 80,000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर काम जल्द ही शुरू होगा। ‘एडवांटेज असम 2.0 व्यापार शिखर सम्मेलन’ में सड़क, रेलवे और नदी अवसंरचना पर आयोजित सत्र को ऑनलाइन संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2029 तक 15 वर्ष में उनके मंत्रालय के तहत राज्य में तीन लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। गडकरी ने कहा कि जिन नई परियोजनाओं पर काम शुरू होगा उनमें गुवाहाटी रिंग रोड, ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे एक सुरंग और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में एक एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 60,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम पहले से ही जारी है और वे पूरा होने के विभिन्न चरणों में हैं।

जलमार्ग विकास पर 4,800 करोड़ खर्च करेगा

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार अगले पांच साल में असम में जलमार्ग और संबंधित बुनियादी ढांचे के विकास पर 4,800 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री यहां ‘एडवांटेज असम 2.0 निवेश एवं अवसंरचना शिखर सम्मेलन’ के दौरान राज्य की सड़क, रेलवे और नदी अवसंरचना पर आयोजित सत्र में यह बात कही। सोनोवाल ने कहा कि मैं घोषणा करना चाहता हूं कि अगले पांच साल में मेरा मंत्रालय असम में 4,800 करोड़ रुपये खर्च करेगा। यह राशि जहाज मरम्मत सुविधा, बंदरगाहों के लिए वैकल्पिक सड़कों के निर्माण तथा टर्मिनल के विकास जैसे विभिन्न कार्यों पर खर्च की जाएगी। सोनोवाल ने कहा कि राज्य में समुद्री शिक्षा में उत्कृष्टता केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जिसमें पोत परिवहन उद्योग के लिए सालाना 5,000 कुशल युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। 

एथनॉल मिश्रण को 20 प्रतिशत करने की तैयारी 

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा कि भारत पेट्रोल में एथनॉल मिलाने के अपने लक्ष्य को बढ़ाकर 20 प्रतिशत से अधिक करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस पर विचार करने के लिए नीति आयोग के तहत एक समिति गठित की गई है। ‘एडवांटेज असम 2.0 व्यापार शिखर सम्मेलन’ में पुरी ने कहा कि 19.6 प्रतिशत सम्मिश्रण पहले ही हासिल किया जा चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम 20 प्रतिशत से अधिक जैव ईंधन मिश्रण पर विचार कर रहे हैं। नीति आयोग समूह का गठन पहले ही किया जा चुका है और वे इस पर विचार कर रहे हैं।’’ पुरी ने कहा कि भले ही भारत के सामने विकास संबंधी चुनौतियां है लेकिन सभी जीवाश्म ईंधन उत्पादन कंपनियां 2045 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन हासिल कर लेंगी। 

स्टार सीमेंट 3,200 करोड़ निवेश करेगा 

स्टार सीमेंट लिमिटेड ने असम में 3,200 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट क्लिंकर और ग्राइंडिंग संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि बुधवार को ‘एडवांटेज असम’ व्यापार शिखर सम्मेलन के समापन के दिन राज्य सरकार और कंपनी के बीच इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा, राज्य सरकार और मैथेसन हाइड्रोजन प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक समझौता हुआ, जो 1,500 करोड़ रुपये का हाइड्रोजन तथा भाप उत्पादन संयंत्र स्थापित करने के लिए इच्छुक है। राज्य सरकार ने ग्लोबल हेल्थ लिमिटेड के साथ 500 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए, जबकि आईटीई एजुकेशन सर्विस के साथ दो गैर-वित्तीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा