घर खरीदना हमेशा से बहुत बड़ा वित्तीय फैसला रहा है। हालांकि, बहुत सारे लोग इस बड़े फैसले लेने से पहले एक महत्वपूर्ण सवाल पर विचार नहीं करते कि क्या वह जो प्रॉपर्टी (मकान, फ्लैट) ले रहे हैं वह खुद के रहने के लिए है या निवेश के लिए? प्रॉपर्टी में पैसा लगाने से पहले इन दोनों उद्देश्यों में बुनियादी फर्क को समझना बहुत जरूरी है। बिना फर्क किए निवेश करने पर कई तरह की परेशानी से जूझना पड़ सकता है। दिग्गज रियल एस्टेट एक्सपर्ट और अंतरिक्ष इंडिया के सीएमडी राकेश यादव से हमने समझने की कोशिश की कि निवेश या खुद के रहने के लिए प्रॉपर्टी खरीदने में क्या अंतर है और किन बातों का ख्याल रखना चाहिए? आइए जानते हैं।
निवेश के लिए खरीद रहे हैं:—
- छोटे साइज की प्रॉपर्टी खरीदे: अगर आप इन्वेस्टमेंट के लिए प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं तो साइज बड़ा नहीं लें। छोटे साइज के फ्लैट की डिमांड हमेशा होती है। प्रॉपर्टी की कीमत भी तेजी से बढ़ती है। रेंटल से भी अच्छी कमाई होती है।
- रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) देखें: इन्वेस्टमेंट के लिए प्रॉपर्टी खरीदने से पहले रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) देखें। यह पता करें कि आप जिस लोकेशन में प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं, उसकी कीमत आने वाले 5–10 साल में कितनी बढ़ेगी।
- रेंटल डिमांड पता करें: इन्वेस्टमेंट के लिए प्रॉपर्टी में रेंटल इनकम का आकलन जरूर करें। इससे आपको डबल फायदा होगा। एक प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ने से कैपिटल एप्रिसिएशन का लाभ मिलेगा। दूसरा रेंटल से इनकम होती रहेगी।
- बायर्स कौन, जानें: इन्वेस्टमेंट के लिए प्रॉपर्टी खरीदने से पहले उस एरिया में प्रॉपर्टी की डिमांड चेक करें। इससे आपकी प्रापॅर्टी जरूरत पड़ने पर आसानी से बिक जाएगी।
खुद के लिए घर खरीद रहे हैं:—
- इमोशनल वैल्यू जरूर देखें: घर बार-बार खरीदने की चीज नहीं है। इसलिए खुद के रहने के लिए घर खरीदने से पहले अपनी जरूरत को समझें। आपको कितना बड़ा घर चाहिए। माता-पिता साथ रहेंगे तो किस फ्लोर पर घर लेना सही होगा। बजट कितना स्ट्रेच कर सकते हैं। इसके बाद फैसला लें। हमेशा याद रखें कि घर आपका सपना और स्थायी पता होगा।
- लोकेशन और कनेक्टिविटी देखें: अगर आप खुद के रहने के लिए फ्लैट देख रहे हैं तो सबसे पहले उसका लोकेशन और कनेक्टिविटी देखें। ऑफिस, स्कूल, अस्पताल, मार्केट से कनेक्टिविटी जरूर चेक करें।
- इन्फ्रास्ट्रक्चर पर घ्यान दें: खुद के रहने के लिए घर खरीद रहे हैं तो इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर जरूर घ्यान दें। सड़क, नाले, बिजली, पानी आदि की स्थिति कैसी है। अगर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप हो रहा या खराब है तो खरीदने से बचें।
- कम्यूटिंग और सेफ्टी आंके: खुद के घर खरीदने में कम्यूटिंग और सेफ्टी को प्राथमिकता दें, क्योंकि यह रोज की जिंदगी को प्रभावित करेगा।