1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. EPFO 3.0: पीएफ निकालना अब होगा ATM से पैसे निकालने जितना आसान, जानिए पुराने सिस्टम से कितना अलग हो सकता है नया नियम?

EPFO 3.0: पीएफ निकालना अब होगा ATM से पैसे निकालने जितना आसान, जानिए पुराने सिस्टम से कितना अलग हो सकता है नया नियम?

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 22, 2026 07:57 am IST,  Updated : Jun 22, 2026 07:57 am IST

देश के करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही EPFO 3.0 लॉन्च करने की तैयारी में है। इस नए सिस्टम का मकसद पीएफ निकासी की प्रक्रिया को तेज, आसान और पूरी तरह डिजिटल बनाना है।

पुराने सिस्टम से...- India TV Hindi
पुराने सिस्टम से कितना अलग हो सकता है EPFO 3.0? Image Source : EPFO/CANVA

कर्मचारियों के लिए जल्द ही पीएफ निकालना काफी आसान हो सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने नए डिजिटल प्लेटफॉर्म EPFO 3.0 के जरिए ऐसा सिस्टम लाने की तैयारी में है, जिससे पीएफ का पैसा सीधे बैंक खाते में UPI के माध्यम से ट्रांसफर किया जा सकेगा। इससे लंबी प्रक्रिया, कागजी कार्रवाई और कई दिनों का इंतजार लगभग खत्म हो सकता है।

क्या है EPFO 3.0?

EPFO 3.0 को पीएफ सेवाओं का बड़ा डिजिटल अपग्रेड माना जा रहा है। इसका उद्देश्य पीएफ निकासी और ट्रांसफर प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस और तेज बनाना है। नए सिस्टम में सदस्य अपने पीएफ खाते से पैसे सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। श्रम मंत्री मनसुख मांडविया के अनुसार, इस सुविधा का परीक्षण पूरा हो चुका है और इसे जल्द शुरू किया जा सकता है।

अभी कैसे निकलता है पीएफ?

मौजूदा व्यवस्था में पीएफ निकालने के लिए कर्मचारियों को कई चरणों से गुजरना पड़ता है।

  • EPFO पोर्टल पर क्लेम फाइल करना पड़ता है।
  • फॉर्म 31 भरना होता है।
  • KYC सत्यापन कराया जाता है।
  • कई मामलों में नियोक्ता (Employer) की मंजूरी जरूरी होती है।
  • डॉक्यूमेंट्स में गलती होने पर प्रक्रिया और लंबी हो जाती है।
  • पैसा मिलने में आमतौर पर 7 से 10 दिन लग जाते हैं।
  • 1 लाख रुपये से ज्यादा निकासी पर अतिरिक्त जांच भी हो सकती है।

यही वजह है कि कई कर्मचारी पीएफ निकासी प्रक्रिया को जटिल मानते हैं।

EPFO 3.0 में क्या होगा नया?

नए सिस्टम में सदस्य UMANG ऐप या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपने पीएफ खाते की राशि देख सकेंगे। इसके बाद QR कोड या UPI आधारित प्रक्रिया के जरिए पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किया जा सकेगा।

नए सिस्टम की प्रमुख बातें:

  • UPI के जरिए सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर
  • कागजी प्रक्रिया लगभग खत्म
  • नियोक्ता की मंजूरी की जरूरत नहीं
  • तेज और आसान निकासी
  • UPI-सक्षम ATM के जरिए भी सुविधा मिलने की संभावना
  • ऑटो-सेटलमेंट की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये

कर्मचारियों को क्या होगा फायदा?

EPFO 3.0 लागू होने के बाद कर्मचारियों को सबसे बड़ा फायदा समय की बचत के रूप में मिलेगा। जिन लोगों को मेडिकल इमरजेंसी, शिक्षा, घर खरीदने या अन्य जरूरतों के लिए तुरंत पैसे चाहिए होते हैं, उन्हें लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा डॉक्यूमेंट्स की गड़बड़ी और नियोक्ता से जुड़ी समस्याएं भी काफी हद तक कम हो जाएंगी।

करोड़ों कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

सरकारी आंकड़ों के अनुसार EPFO के पास करीब 28 लाख करोड़ रुपये का कोष है और करोड़ों कर्मचारी इस पर भरोसा करते हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में EPFO से 1.29 करोड़ से अधिक नए कर्मचारी जुड़े हैं। ऐसे में EPFO 3.0 को कर्मचारियों के लिए एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। यदि यह योजना तय समय पर लागू होती है, तो पीएफ निकालना सचमुच ATM से पैसे निकालने जितना आसान हो सकता है।

यह भी पढ़ें- EPFO में होने जा रहा बड़ा बदलाव: UPI से PF ट्रांसफर, WhatsApp पर 24x7 सेवा और 5 लाख तक ऑटो सेटलमेंट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा