1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. EPFO में बड़ा बदलाव! मिनटों में मिलेगा PF का पैसा, सीधे खाते में ट्रांसफर हो सकेगा रिटायरमेंट फंड

EPFO में बड़ा बदलाव! मिनटों में मिलेगा PF का पैसा, सीधे खाते में ट्रांसफर हो सकेगा रिटायरमेंट फंड

 Written By: Shivendra Singh
 Published : May 13, 2026 05:09 pm IST,  Updated : May 13, 2026 05:09 pm IST

देश के करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। EPFO अब PF निकालने की प्रक्रिया को पूरी तरह आसान और तेज बनाने जा रहा है। नए सिस्टम के तहत फाइनल PF विड्रॉल क्लेम का ऑटो-सेटलमेंट किया जाएगा, जिससे पैसा सीधे कर्मचारियों के बैंक खाते में जल्दी ट्रांसफर हो सकेगा।

EPFO का नया ऑटोमैटिक...- India TV Hindi
EPFO का नया ऑटोमैटिक सिस्टम बदल देगा पूरा प्रोसेस Image Source : EPFO

देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अब PF निकासी की प्रक्रिया को पूरी तरह आसान और तेज बनाने जा रहा है। जल्द ही PF फाइनल विड्रॉल क्लेम का सेटलमेंट ऑटोमैटिक तरीके से होगा, जिससे पैसा सीधे कर्मचारियों के बैंक खाते में तेजी से ट्रांसफर किया जाएगा। EPFO के इस फैसले से करीब 7 करोड़ सदस्यों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल EPFO में आंशिक या एडवांस PF निकासी के लिए ऑटो-सेटलमेंट सुविधा उपलब्ध है। इसमें 5 लाख रुपये तक के क्लेम सिर्फ 3 दिनों के अंदर निपटाए जाते हैं। अब EPFO इसी सुविधा को फाइनल PF निकासी के लिए भी लागू करने जा रहा है। EPFO के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने बताया कि संगठन का लक्ष्य PF क्लेम प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और तेज बनाना है।

नौकरी बदलने पर अपने आप ट्रांसफर होगा PF अकाउंट

EPFO ने एक और बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। अब नौकरी बदलने पर कर्मचारियों को PF ट्रांसफर के लिए अलग से फॉर्म भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। संगठन ऑटो-ट्रांसफर सिस्टम लागू करेगा, जिसके तहत पुराना PF अकाउंट अपने आप नए अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा। इससे कर्मचारियों का समय बचेगा और PF ट्रांसफर में होने वाली देरी भी खत्म होगी।

नए लेबर कोड के तहत होंगे बदलाव

सरकार हाल ही में चार नए लेबर कोड लागू कर चुकी है। EPFO अब इन्हीं नए नियमों के तहत अपनी योजनाओं को अपडेट कर रहा है। इसके तहत ईपीएफ योजना 1952, कर्मचारी पेंशन योजना 1995 और कर्मचारी जमा से जुड़ी बीमा योजना 1976 को नए सिरे से नोटिफाई किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक नए सिस्टम में ज्यादा बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं, लेकिन पुराने अनुभवों को ध्यान में रखते हुए कई प्रक्रियाओं को आसान बनाया गया है।

कर्मचारियों को मिलेगा ज्यादा फायदा

सरकार का कहना है कि इन सुधारों का मकसद कर्मचारियों को बेहतर और तेज सेवाएं देना है। इससे PF निकालने में लगने वाला समय कम होगा और लोगों को बार-बार EPFO ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा