गाजियाबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी GDA नेवारी में 10 एकड़ जमीन में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का शूटिंग रेंज बनाएगा। जीडीए ने यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस आदेश के तहत लिया है, जिसमें उन्होंने गाजियाबाद शहर को स्पोर्ट्स हब के तौर पर बदलने की बात कही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, जीडीए के चेयरपर्सन अतुल वत्स ने कहा कि नेवारी में शूटिंग रेंज के लिए मीटिंग का आयोजन किया गया था और इस पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने हाल ही में गाजियाबाद दौरे में इस बात की भी घोषणा की थी कि गाजियाबाद में एक क्रिकेट स्टेडियम भी डेवलप किया जाएगा।
Related Stories
बता दें, जीडीए द्वारा बनाए जा रहे शूटिंग रेंज कैम्पस में इंटीग्रेटेड मल्टीपरपज हॉल, हॉस्टल और स्पोर्ट्स के दूसरे साधन भी उपलब्ध होंगे। शूटिंग रेंज के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि यह काम ऐसी एजेंसी करे जिसे पहले अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज के निर्माण का अनुभव हो।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भी होगा निर्माण
खबर के मुताबिक, वत्स ने आगे कहा कि मोरटा में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहले बीसीसीआई द्वारा लिया जाना था लेकिन अब इसे गाजियाबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी डेवलप करेगा। उन्होंने कहा कि पहले की योजना के मुताबिक, 55,000 क्षमता वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 450 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह 31 एकड़ भूमि में बनकर तैयार होगा। इससे पहले बीते अप्रैल में राज्य के एक्सपेंडीचर फाइनेंस कमिटी ने स्टेट स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 108 करोड़ रुपये का बजट अप्रूव किया था। इस प्रोजेक्ट के तहत 22 इंडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स आयोजित होने की बात कही गई।
राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट हो सकेंगे आयोजित
यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स नंदग्राम में 48000 वर्ग मीटर में है। इसमें 750 लोगों के बैठने की जगह है, जबकि 400 गाड़ियों की पार्किंग की जगह है। इसमें 6 टेनिस कोर्ट, 9 बैडमिंटन कोर्ट, 2 स्क्वाश कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, सेमी-ओलम्पिक स्विमिंग पूल, बॉक्स क्रिकेट, एक क्रिकेट प्रैक्टिस पिच और अन्य सुविधाएं मौजूद हैं। इससे पता चलता है कि यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट को आयोजित कर सकता है। खबर में बताया गया है कि कंस्ट्रक्शन और डिजाइन सर्विस इस कॉम्प्लेक्स को डेवलप करेगा।