1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आज फिर महंगा हुआ सोना-चांदी, दीपावली पर सुरक्षित निवेश की मांग में तेजी से लौटी चमक

आज फिर महंगा हुआ सोना-चांदी, दीपावली पर सुरक्षित निवेश की मांग में तेजी से लौटी चमक

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 20, 2025 01:25 pm IST,  Updated : Oct 20, 2025 01:25 pm IST

MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 982 रुपये या 0.77 प्रतिशत बढ़कर 1,27,990 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 14,913 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price today kolkata, mcx g- India TV Hindi
दीपावली पर सुरक्षित निवेश की मांग में तेजी से लौटी चमक Image Source : FREEPIK

Gold and Silver Price: दीपावली के मौके पर सोमवार को एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और रिकॉर्ड ऊंचाई से कुछ गिरावट के बाद मूल्य आधारित खरीदारी की के चलते घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी लौट आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 982 रुपये या 0.77 प्रतिशत बढ़कर 1,27,990 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 14,913 लॉट के लिए कारोबार हुआ। शुक्रवार को सोना 1,32,294 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, बाद में इसमें गिरावट हुई और ये 1,27,008 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ। सोने का फरवरी 2026 अनुबंध भी 1,680 रुपये या 1.31 प्रतिशत बढ़कर 1,29,743 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। इसमें 1,862 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

चांदी के वायदा भाव में भी दर्ज की गई तेजी 

चांदी वायदा में भी आज सुधार देखने को मिला है। दिसंबर डिलीवरी के लिए चांदी 1,522 रुपये या 0.97 प्रतिशत बढ़कर 1,58,126 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 23,985 लॉट के लिए कारोबार हुआ। एमसीएक्स पर चांदी 1,70,415 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर थी। विश्लेषकों ने कहा कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक व्यापार संबंधी अनिश्चितताओं और अमेरिका में लंबे समय तक 'शटडाउन' (सरकार के ज्यादातर कामकाज पर रोक) रहने की चिंताओं के बीच सुरक्षित निवेश की मांग मजबूत बनी हुई है।

चांदी की कीमतों पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ का आया बयान

वेदांता ग्रुप की कंपनी हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने कहा है कि इस साल दिसंबर तक चांदी की कीमत लगभग 55 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के स्तर पर स्थिर रह सकती है। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार में अस्थिरता और अन्य निवेश विकल्पों में भरोसे की कमी के कारण निवेशक सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने बताया, "अनुमान है कि दिसंबर तक इसकी कीमत 50 से 55 डॉलर प्रति औंस के बीच स्थिर रह सकती है और इस स्तर पर ये काफी समय तक स्थिर बनी रह सकती है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा