1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आज फिर औंधे मुंह गिरा सोने-चांदी का भाव, ₹11,000 सस्ती हुई चांदी- चेक करें आज की ताजा कीमतें

आज फिर औंधे मुंह गिरा सोने-चांदी का भाव, ₹11,000 सस्ती हुई चांदी- चेक करें आज की ताजा कीमतें

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 16, 2026 08:33 pm IST,  Updated : Mar 16, 2026 08:33 pm IST

सोने की कीमतों में आज लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने का भाव 2,000 रुपये यानी 1.21 प्रतिशत की गिरावट के बाद 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
कीमती धातुओं से पैसा निकालकर डॉलर और बॉन्ड में लगा रहे हैं निवेशक Image Source : PTI

Silver and Gold Rate: सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। कमजोर वैश्विक रुझानों और मजबूत डॉलर के बीच आज सोने औैर चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 9,000 रुपये (3.4 प्रतिशत) की बड़ी गिरावट के साथ 2,56,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले हफ्ते, शुक्रवार को चांदी का भाव 11,000 रुपये यानी 3.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,65,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। इसी तरह, आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,950 रुपये (1.81 प्रतिशत) टूटकर 1,60,250 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

कच्चे तेल की कीमतों की वजह से बदला निवेशकों का नजरिया

सोने की कीमतों में आज लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने का भाव 2,000 रुपये यानी 1.21 प्रतिशत की गिरावट के बाद 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। कारोबारियों ने सर्राफा कीमतों में गिरावट का कारण मुनाफावसूली और सुरक्षित निवेश की मांग के डॉलर और बॉन्ड की ओर मुड़ने को बताया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया हुआ है।

कीमती धातुओं से पैसा निकालकर डॉलर और बॉन्ड में लगा रहे हैं निवेशक

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार ने कहा, ''सोने की कीमतें फिलहाल नीचे आ रही हैं, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण बाजार में लंबे सौदों की तेजी से कटान की जा रही है। हम सुरक्षित निवेश की मांग में एक स्पष्ट बदलाव देख रहे हैं। निवेशक कीमती धातुओं से अपना पैसा निकालकर डॉलर और बॉन्ड में लगा रहे हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि ये बदलाव इस उम्मीद से प्रेरित है कि वैश्विक केंद्रीय बैंक, अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधाओं से पैदा हुई महंगाई से निपटने के लिए ब्याज दरों में बदलाव को कुछ समय के लिए रोक देंगे। 

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी भारी गिरावट

परमार ने बताया कि घरेलू बाजार में सोने और चांदी में अब तेजी का जोर खत्म होता दिख रहा है, क्योंकि वित्त वर्ष के अंत से पहले बाजार में लंबे सौदों की अब कटान की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सर्राफा कीमतें नीचे ही रहीं, जो घरेलू बाजार जैसे ही रुझान दिखा रही थीं। यहां हाजिर सोना 5,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे फिसल गया, जबकि चांदी 80 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई। सोना 20.94 डॉलर या 0.42 प्रतिशत गिरकर 4,998.31 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1.81, या 2.25 प्रतिशत टूटकर 78.76 डॉलर प्रति औंस रह गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा