1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ₹1,15,000 तक गिर सकता है सोने का भाव, चांदी में भी बड़ी गिरावट की संभावना- जानें क्या बोले एक्सपर्ट

₹1,15,000 तक गिर सकता है सोने का भाव, चांदी में भी बड़ी गिरावट की संभावना- जानें क्या बोले एक्सपर्ट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 24, 2026 11:14 pm IST,  Updated : Mar 24, 2026 11:14 pm IST

केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि नजदीकी समय में सोने और चांदी के भाव में गिरावट जारी रह सकती है।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
निकट भविष्य में कहां तक गिर सकते हैं सोने और चांदी के भाव Image Source : PIXABAY

Gold and Silver Price Outlook: मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट का सिलसिला जारी है। हालांकि, सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान के पावर प्लांट पर 5 दिनों के लिए हमले स्थगित करने के फैसले के बाद मंगलवार को सोने-चांदी की कीमतों में कुछ रिकवरी देखने को मिली। लेकिन, ट्रंप की घोषणा की प्रभावशीलता को लेकर अभी संदेह बना हुआ है, जिसकी वजह से निवेशक सतर्क बने हुए हैं। इसी बीच जाने-माने कमोडिटी एक्सपर्ट और केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि नजदीकी समय में सोने और चांदी के भाव में गिरावट जारी रह सकती है।

निकट भविष्य में कहां तक गिर सकते हैं सोने और चांदी के भाव

अजय केडिया ने बताया कि सोने का भाव गिरते-गिरते 1,15,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक आ सकता है। जबकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव गिरकर 3450 से 3500 डॉलर प्रति औंस के स्तर को छू सकता है। अजय केडिया ने चांदी की कीमतों को लेकर बताया कि MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर इसकी कीमतें गिरकर 1,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि ऐतिहासिक रूप से युद्ध के कारण शुरुआती गिरावट के बाद सोना-चांदी बाद के चरण में अक्सर संभल जाता है। इससे संकेत मिलता है कि साल की दूसरे छमाही में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी लौट सकती है।

सर्राफा बाजार में 4 दिनों की गिरावट के बाद सोने के भाव में आई तेजी

बताते चलें कि ट्रंप की घोषणा के बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज सोने के भाव में लगातार 4 दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार को सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। वहीं, दूसरी ओर चांदी के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,200 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसके अलावा, आज चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ और ये 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। कारोबारियों ने बताया कि ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में सुधार और भारी गिरावट के बाद निचले स्तर पर हुई खरीदारी की वजह से सोने की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा