1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Rate Today: सोने की कीमतों में दर्ज की गई गिरावट, चेक करें आज के ताजा भाव

Gold Rate Today: सोने की कीमतों में दर्ज की गई गिरावट, चेक करें आज के ताजा भाव

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 16, 2025 06:53 pm IST,  Updated : Jun 16, 2025 06:53 pm IST

सोमवार को सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली। आज चांदी की कीमत 1000 रुपये की गिरावट के साथ 1,07,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

gold, gold Price Today, Gold Rate Today, Gold Price Today, Silver Price Today, 18 carat gold price, - India TV Hindi
गिरावट के बावजूद रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब सोने के भाव Image Source : FREEPIK

Gold Rate Today: कमजोर वैश्विक रुख के बीच सोमवार को राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 170 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,01,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने ये जानकारी साझा की है। बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2200 रुपये की बंपर तेजी के साथ 1,01,540 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के साथ ही 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 150 रुपये घटकर 1,00,550 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में ये 1,00,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा था। 

चांदी की कीमत में क्या हुआ बदलाव

सोमवार को सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली। आज चांदी की कीमत 1000 रुपये की गिरावट के साथ 1,07,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी 1100 रुपये की तेजी के साथ 1,08,100 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष और शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका और अमेरिका-यूरो क्षेत्र के बीच संभावित व्यापार सौदों की रिपोर्ट आने के बाद मुनाफावसूली देखी गई, जिससे सोना 99,800 रुपये के आसपास सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था।’’ 

गिरावट के बावजूद रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब सोने के भाव

वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 13.23 डॉलर प्रति औंस टूटकर 3419.41 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। अबान्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता ने कहा, ‘‘सोने की कीमतों में मामूली गिरावट आई है, लेकिन ये रिकॉर्ड ऊंचाई के आसपास बनी हुई है। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित संपत्तियों की ओर आकर्षित किया है।’’ कोटक सिक्योरिटीज में सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि निवेशकों को इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के फैसलों का इंतजार रहेगा। केंद्रीय बैंक के आर्थिक अनुमान आने वाले महीनों में संभावित ब्याज दरों में कटौती के बारे में मार्गदर्शन देंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा