देश की राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस बारिश ने जहां एक तरफ दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने कई तरह की समस्याएं खड़ी हो गई हैं। लगातार कई दिनों से हो रही जोरदार बारिश की वजह से जगह-जगह सड़कें जाम हो गई हैं और लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी कई घंटों का समय लग रहा है। रोड ट्रैफिक के साथ ही, दिल्ली की बारिश ने एयर ट्रैफिक को भी प्रभावित किया है।
इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने शुक्रवार को अपने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम की वजह से फ्लाइट ऑपरेशन्स पर बुरा असर पड़ा है। एयरलाइन कंपनी ने बताया कि बारिश की वजह से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन्स में देरी हो रही है। फ्लाइट का इंतजार कर यात्रियों को टर्मिनल बिल्डिंग में ज्यादा समय इंतजार करना पड़ रहा है। इसके साथ ही, जो यात्री प्लेन में बैठ गए हैं, उन्हें भी ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है।
यात्रियों से ज्यादा समय लेकर घर से निकलने की अपील
इंडिगो ने अपने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले एयरलाइन कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी फ्लाइट का करेंट स्टेटस जरूर चेक करें। इसके साथ ही, एयरलाइन कंपनी ने अपने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी फ्लाइट लेने के लिए घर से ही ज्यादा समय लेकर चलें। दरअसल, दिल्ली में बारिश की वजह से जगह-जगह हुए ट्रैफिक जाम के कारण एयरपोर्ट पहुंचने में देरी हो सकती है। इसके साथ ही, बारिश की वजह से हो रही असुविधा के कारण एयरपोर्ट पर भी ज्यादा समय लग सकता है।
शनिवार और रविवार को भी दिल्ली में होगी बारिश
बताते चलें कि दिल्ली में इस हफ्ते बुधवार से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ था, जो अभी तक जारी है। IMD ने कहा है कि दिल्ली में 8 और 9 अगस्त को भी बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिलेगी। शनिवार और रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 34°C तक रहने का अनुमान है, तो वहीं न्यूनतम तापमान करीब 23°C के आसपास रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें