1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ट्रंप टैरिफ से मुकाबला करने को भारत ने बनाया वॉर रूम, रात 1.30 बजे से होगा एक्टिव

ट्रंप टैरिफ से मुकाबला करने को भारत ने बनाया वॉर रूम, रात 1.30 बजे से होगा एक्टिव

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 02, 2025 10:22 pm IST,  Updated : Apr 02, 2025 10:22 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि बृहस्पतिवार (भारत समयानुसार) सुबह-सुबह शुल्क की घोषणा अमेरिका के लिए ‘मुक्ति दिवस’ साबित होगी।

Waar Room - India TV Hindi
वॉर रूम Image Source : FILE

सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत सहित प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ जवाबी शुल्क लगाने के संबंध में की जाने वाली घोषणाओं की निगरानी के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यह नियंत्रण कक्ष भारतीय समयानुसार रात 1.30 बजे शुरू होगा। उन्होंने बताया कि वाणिज्य और उद्योग सहित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी घोषणाओं पर कड़ी नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष में मौजूद रहेंगे। 

सुबह-सुबह शुल्क की घोषणा करेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि बृहस्पतिवार (भारत समयानुसार) सुबह-सुबह शुल्क की घोषणा अमेरिका के लिए ‘मुक्ति दिवस’ साबित होगी। वाणिज्य मंत्रालय इन जवाबी शुल्क के संभावित नतीजों का आकलन करने के लिए संभावित चार परिदृश्यों पर काम कर रहा है, क्योंकि अब भी इस बात को लेकर अनिश्चितता है कि ये शुल्क किस मात्रा में और किस तरीके से लगाए जाएंगे। 

भारत के साथ काफी अच्छे संबंध, समस्या सिर्फ ऊंचा शुल्क 

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि भारत के साथ 'बहुत अच्छे संबंध' है। समस्या सिर्फ यह है कि भारत दुनिया में सबसे अधिक सीमा शुल्क लगाने वाले देशों में से एक है। इसके साथ ही ट्रंप ने दो अप्रैल से भारत से होने वाले आयात पर जवाबी सीमा शुल्क लगाने की अपनी धमकी भी दोहराई थी। ट्रंप ने कहा था कि दो अप्रैल को हम उनसे वही शुल्क वसूलेंगे जो वे हमसे वसूलते हैं। ट्रंप ने भारत की तरफ से अमेरिकी उत्पादों पर लगाए गए उच्च शुल्क की बार-बार आलोचना की है। पिछले महीने व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान भी ट्रंप ने कहा था कि भारत सीमा शुल्क के मामले में बहुत सख्त रहा है। ट्रंप ने मार्च की शुरुआत में कहा था कि भारत अपने शुल्क में ‘‘काफी कटौती’’ करने पर सहमत हो गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा