1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रेलवे ने खोल दिया खजाना! देश के इन हिस्सों में दौड़ेंगी 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस, लाखों यात्रियों को होगा फायदा

रेलवे ने खोल दिया खजाना! देश के इन हिस्सों में दौड़ेंगी 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस, लाखों यात्रियों को होगा फायदा

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 14, 2026 03:14 pm IST,  Updated : Aug 14, 2026 04:22 pm IST

रेलवे बोर्ड ने देश के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने वाली 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दी है। इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के कई शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

7 नई अमृत भारत...- India TV Hindi
7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मिली मंजूरी Image Source : POSTED ON X BY @GMSRAILWAY

भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों के सफर को आसान और किफायती बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में रेलवे बोर्ड ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दी है। इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के कई शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खास बात यह है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्देश्य यात्रियों को प्रीमियम ट्रेनों की तुलना में किफायती किराए में आरामदायक लंबी दूरी की यात्रा उपलब्ध कराना है।

7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली मंजूरी

रेलवे की मंजूरी के बाद नई सेवाओं में धनबाद-कोयंबटूर, चारलापल्ली-गोरखपुर, गोरखपुर-बांद्रा, गोरखपुर-दिल्ली, सुबेदारगंज-लोकमान्य तिलक, प्रयागराज-उधना और प्रयागराज-लोकमान्य तिलक के बीच ट्रेनें शामिल हैं।

1. धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस

धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस (22363/22364) झारखंड से दक्षिण भारत तक लंबी दूरी की कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। ट्रेन धनबाद से चलकर गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, सासाराम, प्रयागराज, कटनी, जबलपुर, नागपुर, विजयवाड़ा, तिरुपति क्षेत्र होते हुए कोयंबटूर तक जाएगी। यह ट्रेन शनिवार को धनबाद से और मंगलवार को कोयंबटूर से वापसी यात्रा करेगी।

2. चारलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस

चारलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (22075/22076) तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के बीच सफर को आसान बनाएगी। रास्ते में काजीपेट, पेद्दापल्ली, नागपुर, भोपाल, झांसी, कानपुर, लखनऊ, गोंडा जैसे प्रमुख स्टेशन आएंगे। यह ट्रेन चारलापल्ली से शुक्रवार और गोरखपुर से रविवार को चलेगी।

3. गोरखपुर-बांद्रा अमृत भारत एक्सप्रेस

उत्तर प्रदेश और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए गोरखपुर-बांद्रा अमृत भारत एक्सप्रेस (15085/15086) अहम होगी। ट्रेन गोरखपुर से चलकर कानपुर, आगरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी, बोरीवली होते हुए बांद्रा पहुंचेगी। यह ट्रेन हर सप्ताह शुक्रवार को गोरखपुर से और शनिवार को बांद्रा से चलेगी।

4. गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस

गोरखपुर और दिल्ली के बीच एक और साप्ताहिक विकल्प मिलने जा रहा है। गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (15095/15096) गोरखपुर से चलकर बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद जैसे स्टेशनों पर रुकेगी। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

5. सुबेदारगंज-लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस

प्रयागराज क्षेत्र से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए सुबेदारगंज-लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस (14121/14122) उपयोगी होगी। इसका मार्ग फतेहपुर, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, सतना, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे से होकर जाएगा। इस ट्रेन से उत्तर प्रदेश और मुंबई के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा।

6. प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस

प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस (20437/20438) भी यात्रियों के लिए एक नया विकल्प होगी। ट्रेन प्रयागराज से चलकर फतेहपुर, कानपुर, इटावा, आगरा, भरतपुर क्षेत्र, कोटा, रतलाम और वडोदरा होते हुए उधना पहुंचेगी। इस रूट से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के कई शहरों को फायदा मिलेगा।

7. प्रयागराज-लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस

सातवीं ट्रेन प्रयागराज-लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस (20436/20435) होगी। इसका रूट अपेक्षाकृत सीमित स्टॉप वाला होगा। यह प्रयागराज से सतना, जबलपुर, इटारसी और भुसावल होते हुए महाराष्ट्र के कल्याण तक जाएगी। प्रयागराज से यह ट्रेन शुक्रवार और लोकमान्य तिलक से वापसी सेवा शनिवार को उपलब्ध होगी।

कब से चलेंगी ट्रेनें?

फिलहाल, ऊपर बताई गई सभी ट्रेनें अभी चालू नहीं हुई है। रेलवे के अनुसार, जल्द ही इन ट्रेनों की उद्घाटन तिथि जारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुंबई को मिलेंगी 238 नई AC लोकल रेक, रेलवे के 3 प्रोडक्शन यूनिट्स में तैयार होंगी ट्रेनें

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा