1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 'माधुरी' की घर वापसी का रास्ता साफ, Vantara ने सुप्रीम कोर्ट और HPC के आदेश पर भरी हामी

'माधुरी' की घर वापसी का रास्ता साफ, Vantara ने सुप्रीम कोर्ट और HPC के आदेश पर भरी हामी

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Sep 11, 2026 01:10 pm IST,  Updated : Sep 11, 2026 01:10 pm IST

कोल्हापुर की ‘माधुरी’ की घर वापसी का रास्ता अब साफ हो गया है। हाई पावर कमेटी (HPC) के आदेश के बाद वनतारा ने माधुरी को वापस कोल्हापुर भेजने के फैसले पर सहमति जताई है। वनतारा ने कहा है कि वह सुप्रीम कोर्ट और HPC के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा।

वनतारा से 'माधुरी' की...- India TV Hindi
वनतारा से 'माधुरी' की होगी घर वापसी

कोल्हापुर की 'महादेवी' के नाम से मशहूर हथिनी माधुरी की घर वापसी का रास्ता अब साफ हो गया है। हाई-पावर्ड कमेटी (HPC) ने 9 सितंबर 2026 को अपने आदेश में माधुरी को कोल्हापुर लौटने की अनुमति दे दी है। इसके बाद वनतारा ने भी साफ कर दिया है कि वह HPC के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा। माधुरी की वापसी कुछ सख्त शर्तों के साथ होगी, ताकि उसकी सेहत और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

माधुरी को 30 जुलाई 2025 को HPC के निर्देशों के तहत जामनगर स्थित वनतारा लाया गया था। वनतारा का कहना है कि उसने माधुरी की कस्टडी नहीं मांगी थी, बल्कि समिति के निर्देश पर उसे अपने यहां रखा और उसकी देखभाल की। इन निर्देशों को बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था। इसके बाद कोल्हापुर में माधुरी को लेकर लोगों की भावनाओं को देखते हुए वनतारा ने महाराष्ट्र सरकार, अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ चर्चा की थी। 6 अगस्त 2025 को वनतारा ने कहा था कि वह लोगों की भावनाओं का सम्मान करेगा और सक्षम अधिकारियों के निर्देशों का पालन करेगा।

HPC ने दी वापसी की अनुमति

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद माधुरी से जुड़े पक्षों ने अपने दावे HPC के सामने रखे। समिति ने संबंधित रिपोर्ट मंगाने के साथ नंदानी स्थित उस सुविधा का निरीक्षण भी किया, जहां माधुरी को वापस ले जाया जाना है। इसके बाद 9 सितंबर 2026 को HPC ने माधुरी को कोल्हापुर लौटाने की अनुमति दी। हालांकि, इसके लिए कई शर्तें रखी गई हैं। माधुरी का इस्तेमाल किसी जुलूस या दूसरे उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकेगा। उसे 24 घंटे देखभाल मिलनी होगी और हर 15 दिन में उसकी मेडिकल जांच करनी होगी।

वापसी के बाद भी जारी रहेगी वनतारा की निगरानी

वनतारा ने कहा है कि माधुरी की सेहत उसकी पहली प्राथमिकता है। लगातार इलाज और पशु चिकित्सकीय देखभाल से उसकी हालत स्थिर हुई है, लेकिन उसकी पुरानी स्वास्थ्य समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। इसलिए उसे नियमित निगरानी और जरूरी इलाज की जरूरत बनी रहेगी। वनतारा के पशु चिकित्सक हर 15 दिन में कोल्हापुर जाकर माधुरी की जांच करेंगे और रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपेंगे।

नंदानी में सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद

वनतारा ने बताया कि माधुरी की वापसी से पहले नंदानी की सुविधा और उसके बाड़े में जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर करने की कोशिश की गई है। हालांकि, जमीन और टाउन प्लानिंग से जुड़ी कुछ सीमाओं के कारण फिलहाल बड़े स्तर पर विस्तार संभव नहीं हो पाया। वनतारा ने कहा है कि माधुरी के वहां बसने के बाद भी वह सुविधा को बेहतर बनाने में मदद के लिए उपलब्ध रहेगा। जरूरत पड़ने पर अदालत या सक्षम अधिकारियों के निर्देश पर भी सहयोग किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- वन्यजीवों के स्वास्थ्य और संरक्षण के लिए वनतारा का एक और बड़ा कदम, इंडोनेशिया से की बड़ी साझेदारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा