1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पिक एंड ड्रॉप के नियमों में बड़ा बदलाव, पार्किंग शुल्क में हुई कटौती; जानिए नया रेट लिस्ट

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पिक एंड ड्रॉप के नियमों में बड़ा बदलाव, पार्किंग शुल्क में हुई कटौती; जानिए नया रेट लिस्ट

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Dec 25, 2025 09:52 am IST,  Updated : Dec 25, 2025 09:52 am IST

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर अब पिक एंड ड्रॉप और पार्किंग को लेकर लंबे समय से चली आ रही परेशानियां काफी हद तक खत्म होने वाली हैं।

नई दिल्ली रेलवे...- India TV Hindi
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बदले पार्किंग के नियम Image Source : ANI

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन अपनी गाड़ी लेकर आने वालों के लिए राहत भरी खबर है। स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ अब गाड़ी से आना-जाना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है। यात्रियों और उनके परिजनों को लंबे समय से पिक एंड ड्रॉप के दौरान लगने वाले जाम और भारी पार्किंग शुल्क की परेशानी झेलनी पड़ती थी। इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने गुरुवार से नई पार्किंग व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है, जिसमें न सिर्फ पार्किंग एरिया को दोगुना किया गया है, बल्कि पिक एंड ड्रॉप चार्ज में भी बड़ी कटौती की गई है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अजमेरी गेट की तरफ बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करने के लिए यहां दो नई प्रीमियम पार्किंग बनाई गई हैं। प्रवेश बैरियर से अंदर जाने के बाद वाहन चालकों को यह विकल्प मिलेगा कि वे सामान्य पार्किंग में जाएं या प्रीमियम पार्किंग का इस्तेमाल करें। इसके अलावा पिक एंड ड्रॉप की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, लेकिन अब यह ज्यादा सस्ती और सुव्यवस्थित होगी।

नए रेट

नए नियमों के तहत पिक एंड ड्रॉप लेन में 8 मिनट तक वाहन खड़ा करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। 8 से 15 मिनट के लिए 50 रुपये, 15 से 30 मिनट के लिए 150 रुपये और 30 मिनट से ज्यादा समय होने पर 200 रुपये शुल्क देना होगा। पहले यही शुल्क 15 से 30 मिनट के लिए 200 रुपये और इससे अधिक समय के लिए 500 रुपये तक था, जिसे अब काफी कम कर दिया गया है।

जाम की समस्या

रेलवे ने जाम की समस्या से निपटने के लिए सख्त इंतजाम भी किए हैं। अगर किसी वाहन की वजह से पिक एंड ड्रॉप लेन बाधित होती है या ट्रैफिक जाम लगता है, तो इसके लिए पार्किंग ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी वाहन लेन में खड़ा होकर यातायात को प्रभावित न करे।

3 तरह की पार्किंग

नई व्यवस्था के तहत अजमेरी गेट की तरफ कुल तीन तरह की पार्किंग उपलब्ध होंगी। पहली सामान्य पार्किंग होगी, जहां साइकिल, दुपहिया और कार खड़ी की जा सकेंगी। इसमें दो घंटे तक साइकिल के लिए 3 रुपये, दुपहिया के लिए 20 रुपये और कार के लिए 50 रुपये शुल्क तय किया गया है। दूसरी प्रीमियम पार्किंग में पहले दो घंटे के लिए 150 रुपये और उसके बाद हर एक्स्ट्रा घंटे के लिए 100 रुपये देने होंगे। तीसरी पार्किंग कमर्शियल गाड़ियों जैसे ऑटो, टैक्सी, टेंपो और बस के लिए होगी, जिनके लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा