1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज से शुरू होंगी उड़ानें, जेवर से फ्लाइट में 172 किसान करेंगे यात्रा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज से शुरू होंगी उड़ानें, जेवर से फ्लाइट में 172 किसान करेंगे यात्रा

 Written By: Vishal Singh Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jun 14, 2026 12:16 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 12:04 am IST

नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा 15 जून से आधिकारिक तौर पर कमर्शियल उड़ानों के लिए अपने पंख फैलाने जा रहा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के बाद यह दिल्ली-एनसीआर का दूसरा सबसे बड़ा और आधुनिक हवाई अड्डा है।

नोएडा एयरपोर्ट से...- India TV Hindi
नोएडा एयरपोर्ट से पहले दिन 4 शहरों के लिए उड़ान भरेंगे विमान Image Source : PTI/CANVA

दिल्ली-एनसीआर के वासियों का सालों लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से आधिकारिक तौर पर कमर्शियल विमानों की आवाजाही शुरू होने जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन कंपनियों ने इस ऐतिहासिक दिन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पहले दिन 4 बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ानें 

नोएडा एयरपोर्ट से पहले दिन 4 बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जा रही हैं। इस शुरुआत के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को अब फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट के लंबे ट्रैफिक और भीड़भाड़ से मुक्ति मिल जाएगी।

विमान में देश के 172 किसान सवार होंगे

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है। यहां से उड़ान भरने वाले विमान में देश के 172 किसान सवार होंगे, जो नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सभी किसान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।

जेवर के विधायक ने क्या कहा?

जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया, "यह इतिहास में पहली बार है, जब वो किसान, उड़ने वाली पहली फ्लाइट में सफर कर रहे, जिनकी जमीन पर एयरपोर्ट बना हो। फ्लाइट में सफर करने वाले वो किसान भी शामिल होंगे जिनकी जमीन तो नहीं गई, लेकिन विस्थापित होना पड़ा। मुख्यमंत्री ने किसानों को फ्लाइट में बैठाने का सपना साकार किया। पीएम मोदी का भी यही सपना था कि चप्पल पहनने वाला भी फ्लाइट में सफर कर सके।"

पहले दिन कुल 8 उड़ानों की होगी आवाजाही

15 जून को पहले दिन एयरपोर्ट पर चार आगमन और चार प्रस्थान को मिलाकर कुल आठ उड़ानों का सफल संचालन किया जाएगा। पहले दिन की सभी उड़ानों की कमान पूरी तरह देश की दिग्गज एयरलाइन कंपनी इंडिगो के हाथों में होगी। पहले दिन 4 प्रमुख शहरों लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए विमान अपनी सेवाएं देंगे।

16 जून से अकासा एयर की एंट्री

पहले दिन के इस भव्य आगाज के बाद, अगले ही दिन यानी 16 जून से एयरपोर्ट पर उड़ानों का ग्राफ तेजी से बढ़ेगा। इंडिगो 16 जून से नोएडा से बेंगलुरु और जम्मू के लिए अपनी नियमित दैनिक उड़ानें शुरू कर देगी। अकासा एयर भी 16 जून से मैदान में उतर रही है। कंपनी नोएडा से नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए अपनी दैनिक सेवाएं शुरू करेगी।

01 जुलाई से मेगा कनेक्टिविटी

अगले चरण में 1 जुलाई से इंडिगो का महा-प्लान शुरू होगा, जिसके तहत नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल और देहरादून के लिए दैनिक उड़ानें मिलेंगी। इसके साथ ही जयपुर, लखनऊ, पंतनगर और चंडीगढ़ के लिए रोजाना दो-दो उड़ानें, बरेली के लिए हफ्ते में चार और किशनगढ़ के लिए हफ्ते में तीन उड़ानें उपलब्ध कराई जाएंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा