1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों के लिए प्रति एकड़ ₹20,000 और मवेशियों के लिए ₹37,500 देगी पंजाब सरकार, जानें कब तक मिलेंगे चेक

बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों के लिए प्रति एकड़ ₹20,000 और मवेशियों के लिए ₹37,500 देगी पंजाब सरकार, जानें कब तक मिलेंगे चेक

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 29, 2025 04:49 pm IST,  Updated : Sep 29, 2025 04:49 pm IST

भगवंत मान ने आज कहा कि फाज़िल्का और फिरोजपुर क्षेत्रों से पानी की निकासी के लिए 4.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

punjab, punjab flood, compensation for punjab farmers, compensation for farmers, punjab government, - India TV Hindi
नकली या घटिया बीज बेचने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई Image Source : PTI

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में आई भयावह बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों के लिए मदद की घोषणाएं कीं। भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि फसलों के नुकसान के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़, मवेशियों के नुकसान के लिए 37,500 रुपये और गाद निकालने के लिए 7,200 रुपये प्रति एकड़ दिए जाएंगे। बताते चलें कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में पंजाब मंत्रिमंडल ने 8 सितंबर को राज्य में बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देने का फैसला किया था।

किसानों को कब तक मिलेगा मुआवजे का पैसा

भगवंत मान ने आज कहा कि फाज़िल्का और फिरोजपुर क्षेत्रों से पानी की निकासी के लिए 4.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को दिवाली से पहले फसलों, मवेशियों और घरों के नुकसान के लिए चेक बांटना शुरू कर देंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस महीने की शुरुआत में पंजाब कैबिनेट ने 'जिसदा खेत, उसकी रेत' नामक एक योजना को भी मंजूरी दी थी, जिसके तहत किसानों को बाढ़ के बाद अपने खेतों में जमा रेत निकालने और बेचने की अनुमति दी गई थी। 

नकली या घटिया बीज बेचने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज कहा कि नकली या घटिया बीज बेचने वाले निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ सख्त दंड और जुर्माना लगाया जाएगा, जिसे सुनिश्चित करने के लिए बीज (पंजाब संशोधन) अधिनियम लाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में सिर्फ सरकार द्वारा प्रमाणित कीटनाशक ही बेचे जाएंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ होने वाली मुलाकात के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "कल शाम 5 बजे के बाद, मैं पंजाब के नुकसान के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री से मिलने जा रहा हूं और पंजाब की खुले दिल से मदद करने के लिए उनके सामने हर संभव बात रखूंगा।"

पंजाब में बाढ़ की वजह से हुआ जान-माल का भारी नुकसान

बताते चलें कि इस साल अगस्त में पंजाब में 253.7 मिमी बारिश हुई थी, जो न केवल सामान्य से 74 प्रतिशत ज्यादा थी, बल्कि पिछले 25 सालों में अगस्त में पंजाब में हुई सबसे ज्यादा बारिश थी। पंजाब में इस साल बाढ़ की वजह से कम से कम 56 लोगों की जान चली गई थी और 1.98 लाख हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो गई थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा