1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली-NCR की तर्ज पर चमकेगा यूपी का यह शहर! बनेंगे मेट्रो के 10 नए कॉरिडोर, 150 km लंबा होगा नेटवर्क

दिल्ली-NCR की तर्ज पर चमकेगा यूपी का यह शहर! बनेंगे मेट्रो के 10 नए कॉरिडोर, 150 km लंबा होगा नेटवर्क

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : May 21, 2026 05:49 pm IST,  Updated : May 21, 2026 05:49 pm IST

उत्तर प्रदेश का एक बड़ा शहर अब विकास की ऐसी रफ्तार पकड़ने जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में उसे दिल्ली-NCR जैसी आधुनिक पहचान दिला सकती है। सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम, घंटों का सफर और ट्रैफिक की परेशानी अब बीते दिनों की बात हो सकती है, क्योंकि शहर में मेट्रो विस्तार का मेगा प्लान तैयार हो चुका है।

लखनऊ मेट्रो के 10 नए...- India TV Hindi
लखनऊ मेट्रो के 10 नए कॉरिडोर बनेंगे Image Source : CANVA

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को दिल्ली-NCR की तर्ज पर एक ग्लोबल और मॉडर्न सिटी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा कदम उठाया है। भविष्य की यातायात जरूरतों और बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए शासन ने लखनऊ में मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (MRTS) के तहत 10 नए मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है।

योगी सरकार ने इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए वैकल्पिक विश्लेषण रिपोर्ट (AAR) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद लखनऊ और उसके आस-पास के इलाकों में कुल 150 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जो पूरे शहर की तकदीर और रफ्तार को बदलकर रख देगा।

इन 10 कॉरिडोर से जुड़ेगा लखनऊ

नियोजन अनुभाग-7 ने यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन (UPMRCL) को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। विकसित भारत 2047 विजन के तहत बनने वाले इन 10 रूट्स और उनकी लंबाई की पूरी लिस्ट इस प्रकार है:

  • कल्ली पश्चिम से आईआईएम कॉरिडोर: 45 किमी
  • सीजी सिटी से एयरपोर्ट कॉरिडोर: 19.8 किमी
  • राजाजीपुरम से आईआईएम कॉरिडोर: 18.42 किमी
  • अनोरा कला से बाराबंकी कॉरिडोर: 14 किमी
  • चारबाग से कल्ली पश्चिम कॉरिडोर: 13 किमी
  • सीसीएस एयरपोर्ट से बंथरा कॉरिडोर: 11 किमी
  • अनोरा कला से इंदिरा नगर कॉरिडोर: 9.27 किमी
  • इंदिरा नगर से सीजी सिटी कॉरिडोर: 7.7 किमी
  • मुंशीपुलिया से जानकीपुरम कॉरिडोर: 6.29 किमी
  • कीपैड पश्चिम से मोहनलालगंज कॉरिडोर: 06 किमी

चरणबद्ध तरीके से होगा विस्तार, ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस महा-परियोजना पर वर्ष 2047 तक चरणबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाएगा। आने वाले समय में जैसे-जैसे फंडिंग और निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे लखनऊ के प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक और रिहायशी इलाके सीधे मेट्रो ग्रिड से जुड़ते चले जाएंगे।

इस विस्तार का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि चारबाग, हजरतगंज और विकास नगर जैसे व्यस्त रूटों पर ट्रैफिक का दबाव बेहद कम हो जाएगा। साथ ही, बाराबंकी रोड, मोहनलालगंज, बंथरा और जानकीपुरम विस्तार जैसे बाहरी और नए विकसित हो रहे क्षेत्रों को भी मुख्य शहर से तेज और सुलभ कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा