अमेरिका ने कनाडा और मेक्सिको पर टैरिफ लगाने के फैसले से पीछे नहीं हटने का निर्णय लिया है। यह टैरिफ आज मंगलवार से लागू हो गया है। अब जवाब में कनाडा ने भी अपने पत्ते खेल दिये हैं। बढ़ते ट्रेड वॉर के बीच कनाडा ने मंगलवार को अमेरिका पर जवाबी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। कनाडा ने कहा कि वह अमेरिका से 125 अरब कनाडाई डॉलर के अतिरिक्त आयात पर जवाबी टैरिफ लगाएगा। इसकी शुरुआत मंगलवार से 30 अरब कनाडाई डॉलर के आयात पर 25% टैरिफ से होगी। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सोमवार को कनाडा और मेक्सिको पर टैरिफ का फैसला वापस लेने की संभावना को खारिज करने के बाद उठाया गया है। ट्रंप ने चीन पर टैरिफ बढ़ाने के एक ऑर्डर पर भी साइन किए हैं। ट्रंप ने पिछले महीने कनाडा और मेक्सिको से आयात पर टैरिफ की घोषणा की थी, लेकिन यह फैसला होल्ड पर था।
अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ेगा तनाव
कनाडा के इस एक्शन के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ सकता है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि अगर डोनाल्ट ट्रंप कनाडाई वस्तुओं पर अपने प्रस्तावित टैरिफ के साथ आगे बढ़ते हैं, तो हमारा टैरिफ भी लागू रहेगा। ट्रूडो ने आगे कहा, "हमारे टैरिफ तब तक लागू रहेंगे, जब तक कि अमेरिकी ट्रेड एक्शन वापस नहीं ले लिया जाता और यदि अमेरिकी टैरिफ समाप्त नहीं होते हैं, तो हम कई नॉन-टैरिफ उपायों को आगे बढ़ाने के लिए प्रांतों और क्षेत्रों के साथ सक्रिय रूप से चर्चा कर रहे हैं।" ट्रूडो ने यह भी कहा कि ट्रंप के टैरिफ का कोई जस्टिफिकेशन नहीं है।
अमेरिका में बढ़ेगी महंगाई
ट्रूडो ने कहा, "अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ के कारण अमेरिकियों को किराने का सामान, गैस और कारों के लिए अधिक भुगतान करना होगा और संभावित रूप से हजारों नौकरियां खोनी पड़ सकती हैं।" उन्होंने कहा, "टैरिफ अविश्वसनीय रूप से सफल व्यापारिक रिश्ते को बाधित करेंगे। वे उस व्यापार समझौते का उल्लंघन करेंगे जिस पर राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने पिछले कार्यकाल में बातचीत की थी।" कनाडा और मेक्सिको पर लगाए गए टैरिफ ऑटोमोबाइल और कंस्ट्रक्शन मटेरियल्स जैसी प्रमुख इंडस्ट्रीज के लिए सप्लाई चेन्स को बाधित कर सकते हैं। इससे महंगाई बढ़ जाएगी।