1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत पर 50% से घटकर 18% हुआ टैरिफ, रूस से तेल खरीदने की वजह से लगा अतिरिक्त 25% टैरिफ भी हटा

भारत पर 50% से घटकर 18% हुआ टैरिफ, रूस से तेल खरीदने की वजह से लगा अतिरिक्त 25% टैरिफ भी हटा

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Feb 07, 2026 09:14 am IST,  Updated : Feb 07, 2026 03:17 pm IST

ट्रंप ने अपने आदेश में आगे कहा कि भारत ने ये स्पष्ट किया है कि वो अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदेगा और हाल में अगले 10 सालों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ एक रूपरेखा पर सहमति व्यक्त की है।

India-US Trade Deal, India-US Trade Agreement, tariff, us tariff, us tariff on india, russia, russia- India TV Hindi
भारत पर 50% से घटकर 18% हुआ अमेरिकी टैरिफ Image Source : AFP

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से कच्चा तेल की खरीद की वजह से भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ को हटा दिया है। उन्होंने कहा कि भारत ने इस दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं और उसने रूस से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से तेल का आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है। ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश में कहा, ''मुझे सीनियर अधिकारियों से कार्यकारी आदेश 14066 में वर्णित राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने के लिए भारत की कोशिशों के संबंध में अतिरिक्त जानकारी और सिफारिशें प्राप्त हुई हैं। विशेष रूप से, भारत ने रूसी संघ से तेल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है।''

अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदेगा भारत

ट्रंप ने अपने आदेश में आगे कहा, ''भारत ने ये स्पष्ट किया है कि वो अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदेगा और हाल में अगले 10 सालों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ एक रूपरेखा पर सहमति व्यक्त की है।'' अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें दी गई जानकारी और सिफारिशों पर विचार करने के बाद उन्होंने ये निष्कर्ष निकाला कि ''कार्यकारी आदेश 14066 में वर्णित राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने और राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति एवं आर्थिक मामलों पर अमेरिका के साथ पर्याप्त रूप से तालमेल बिठाने के लिए भारत ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसके मद्देनजर, मैंने भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त मूल्य-आधारित शुल्क को समाप्त करने का फैसला लिया है।''

भारत पर 50% से घटकर 18% हुआ अमेरिकी टैरिफ

बताते चलें कि अमेरिका ने पिछले साल भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिसमें 25 प्रतिशत जवाबी टैरिफ और रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ शामिल था। भारत के साथ हुए व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने पहले 25 प्रतिशत के जवाबी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किया था और अब ट्रंप ने रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से लगाए गए 25 प्रतिशत के अतिरिक्त टैरिफ को पूरी तरह से हटा दिया है। यानी, अब भारत पर कुल अमेरिकी टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा