लैपटॉप और डेस्कटॉप की मरम्मत कर बिक्री करने वाली जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स (GNG ELECTRONICS LIMITED) का शेयर अपने निर्गम मूल्य 237 रुपये से करीब 50 प्रतिशत की बढ़त के साथ बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर शेयर की शुरुआत 350 रुपये पर हुई, जो निर्गम मूल्य से 47.67 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। बाद में यह 53.58 प्रतिशत चढ़कर 364 रुपये पर पहुंच गया। एनएसई पर शेयर 49.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 355 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कंपनी का बाजार मूल्यांकन 3,750.41 करोड़ रुपये रहा।
IPO को 146 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था
जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को गत शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन तक 146.90 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 460.43 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 225-237 रुपये प्रति शेयर था। नए निर्गम से हासिल राशि का इस्तेमाल ऋण भुगतान, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण तथा सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए किया जाएगा। जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स लैपटॉप और डेस्कटॉप के अग्रणी ‘रीफर्बिशर’ (पुराने उपकरण को नया रूप देने वाले) में से एक है। इसकी भारत, अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात में अच्छी उपस्थिति है।
एंकर निवेशकों से 138 करोड़ जुटाए थे
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 460.43 करोड़ रुपये के आईपीओ में 1,41,88,644 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 2,08,43,32,446 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 266.21 गुना अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 226.45 गुना अभिदान मिला। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के मामले में 45.32 गुना अभिदान मिला। जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स ने एंकर (बड़े) निवेशकों से 138 करोड़ रुपये जुटाए थे।
इसका मूल्य दायरा 225-237 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। मूल्य दायरे के ऊपरी छोर पर, कंपनी का बाजार मूल्यांकन 2,700 करोड़ रुपये से अधिक का है। आईपीओ में 400 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयरों के निर्गम और प्रवर्तकों द्वारा 25.5 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री शामिल है। नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग कर्ज भुगतान, कार्यशील पूंजी की जरूरतों के वित्तपोषण और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।