आम निवेशकों के लिए आईपीओ के जरिये कमाई करने का 5 अगस्त से मौका होगा। रियल एस्टेट कंपनी सत्त्वा ग्रुप और ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म ब्लैकस्टोन द्वारा प्रायोजित नॉलेज रियल्टी ट्रस्ट (केआरटी) अपना आईपीओ मंगलवार को लॉन्च करने जा रहा है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, कंपनी ने अपने रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (आरईआईटी) आईपीओ से पहले एंकर निवेशकों से ₹1,620 करोड़ जुटा लिए हैं। यह जानकारी बीएसई (बीएसई) की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक सर्कुलर के जरिये सामने आई है।
किन एंकर निवेशकों ने लगाए पैसे
एंकर निवेशकों के तौर पर टाटा AIG जनरल इंश्योरेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड, एक्सिस म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, अमुंडी वेल्स कैपिटल, झुनझुनवाला ट्रस्ट और 360 ONE शामिल हैं। कंपनी ने कुल 16.2 करोड़ यूनिट्स एंकर निवेशकों को ₹100 प्रति यूनिट की दर से अलॉट की हैं। साथ ही कंपनी ने संस्थागत निवेशकों से ₹1,200 करोड़ का रणनीतिक निवेश भी प्राप्त किया है।
नोट कर लें अहम तारीख और प्राइस बैंड
नॉलेज रियल्टी ट्रस्ट आईपीओ खुलने तारीख 5 अगस्त 2025 है और यह 7 अगस्त 2025 को बंद हो जाएगा। कंपनी ने इस आईपीओ में प्राइस बैंड ₹95 से ₹100 प्रति यूनिट तय किया है। इस इश्यू का आकार ₹4,800 करोड़ है। यह पूरी तरह से फ्रेश यूनिट्स का इश्यू है, यानी कोई प्रमोटर हिस्सेदारी नहीं बेची जा रही।
कंपनी को जान लीजिए
नॉलेज रियल्टी ट्रस्ट के पास मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित देश के छह प्रमुख शहरों में फैले 46 मिलियन स्क्वायर फीट ऑफिस एसेट्स हैं। इनकी प्रमुख परिसंपत्तियों में वन बीकेसी और वन वर्ल्ड सेंटर (मुंबई), नॉलेज सिटी और नॉलेज पार्क (हैदराबाद) और सेस्ना बिजनेस पार्क और सत्व सॉफ्टज़ोन (बेंगलुरु) शामिल हैं। कंपनी का नेट ऑपरेटिंग इनकम पिछले वित्त वर्ष में ₹3,432 करोड़ रहा था। नॉलेज रियल्टी ट्रस्ट की कुल ग्रॉस एसेट वैल्यू लगभग ₹62,000 करोड़ मानी जा रही है, जिससे यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा REIT बनने जा रहा है।
शुरुआत में कंपनी का इश्यू साइज ₹6,200 करोड़ था, लेकिन जून 2025 में ₹1,400 करोड़ पहले ही जुटाने के बाद अब इसे घटाकर ₹4,800 करोड़ कर दिया गया है। ब्लैकस्टोन और सत्त्वा समूह इस REIT में करीब 80% हिस्सेदारी बनाए रखेंगे। बेंगलुरु स्थित सत्त्वा डेवलपर्स अब तक 74 मिलियन स्क्वायर फीट निर्माण कार्य कर चुके हैं और 75 मिलियन स्क्वायर फीट निर्माणाधीन या नियोजन में है। इनके पोर्टफोलियो में कॉमर्शियल, रेसिडेंशियल, को-लिविंग, हॉस्पिटैलिटी और डाटा सेंटर प्रोजेक्ट शामिल हैं।
कितना है जीएमपी
फाइनेंशियल एक्सप्रेस के मुताबिक, आईपीओ के बाजार में आने से पहले ही, लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, नॉलेज रियल्टी ट्रस्ट आरईआईटी का जीएमपी 0 (शून्य) रुपये पर है। इससे पता चलता है कि आईपीओ 100 रुपये प्रति यूनिट के अपने ऊपरी मूल्य बैंड पर सूचीबद्ध होने की संभावना है। इस बीच, यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि यह आधिकारिक लिस्टिंग मूल्य नहीं है और बाजार की धारणा के आधार पर इसमें उतार-चढ़ाव हो सकता है।