1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: तीन दिन बाद सोने में आई गिरावट, चांदी 100 रुपए हुई सस्‍ती

Gold Rate Today: तीन दिन बाद सोने में आई गिरावट, चांदी 100 रुपए हुई सस्‍ती

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 13, 2018 04:48 pm IST,  Updated : Oct 13, 2018 04:48 pm IST

कमजोर वैश्विक रुख एवं स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से सोने में तीन दिन से जारी तेजी शनिवार को थम गई।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक रुख एवं स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से सोने में तीन दिन से जारी तेजी शनिवार को थम गई। दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 70 रुपए गिरकर 32,050 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं का उठाव घटने से चांदी भी 100 रुपए घटकर 39,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

डॉलर में मजबूती और दुनिया भर के शेयर बाजार में सुधार से वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं की मांग कमजोर दिखी। सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण कारोबारियों और खुदरा विक्रेताओं की कमजोर मांग से भी कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला। वैश्विक स्तर पर, शुक्रवार को सोना 0.50 प्रतिशत गिरकर 1,218.50 डॉलर प्रति औंस पर रहा। 

स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 शुद्धता वाला सोना क्रमश: 70-70 रुपए गिरकर 32,050 रुपए और 31,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। इससे पहले तीन दिन में सोना 470 रुपए चढ़ा था। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,600 रुपए प्रति इकाई के पूर्व स्तर पर ही टिकी रही। 

चांदी हाजिर 100 रुपए गिरकर 39,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही, जबकि साप्ताहिक डिलीवरी 10 रुपए चढ़कर 38,915 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 75,000 रुपए तथा 76,000 रुपए प्रति सैकड़ा के पूर्वस्तर पर टिका रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा