1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: 32,000 के पार हुआ सोना, 40 हजार के और करीब पहुंची चांदी

Gold Rate Today: 32,000 के पार हुआ सोना, 40 हजार के और करीब पहुंची चांदी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 12, 2018 03:29 pm IST,  Updated : Oct 12, 2018 03:29 pm IST

मजबूत वैश्विक रुख के बीच त्योहारी मांग से स्थानीय आभूषण कारोबारियों की खरीदारी से सोने की कीमत में लगातार तीसरे दिन तेजी रही।

gold- India TV Hindi
gold

नई दिल्‍ली। मजबूत वैश्विक रुख के बीच त्योहारी मांग से स्थानीय आभूषण कारोबारियों की खरीदारी से सोने की कीमत में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 140 रुपए उछलकर 32,120 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं की लिवाली से चांदी भी 500 रुपए चढ़कर 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि आगामी त्योहारी मांग को देखते हुए स्थानीय आभूषण कारोबारियों की लिवाली और वैश्विक स्तर पर कीमती धातु में मजबूत रुख से भाव में तेजी रही। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में, गुरुवार को सोना बढ़कर 1,224.60 डॉलर प्रति औंस रहा, जबकि चांदी चढ़कर 14.66 डॉलर प्रति औंस हो गई। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 140-140 रुपए बढ़कर 32,120 रुपए और 31,970 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। पिछले दो दिन में सोना 330 रुपए चढ़ा है। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,600 रुपए प्रति इकाई के पूर्व स्तर पर टिकी रही। 

वहीं, चांदी हाजिर 500 रुपए बढ़कर 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी 435 रुपए बढ़कर 38,905 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। मजबूत मांग के चलते चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल बढ़कर क्रमश: 75,000 और 76,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर पहुंच गया। इससे पहले यह 73,000 और 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा के स्तर पर था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा