1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: 38,820 रुपए/10 ग्राम के नए उच्‍च स्‍तर पर पहुंचा सोना, चांदी में भी आया जोरदार उछाल

Gold Rate Today: 38,820 रुपए/10 ग्राम के नए उच्‍च स्‍तर पर पहुंचा सोना, चांदी में भी आया जोरदार उछाल

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 21, 2019 06:09 pm IST,  Updated : Aug 21, 2019 06:09 pm IST

बाजार सूत्रों ने सोने की कीमतों में तेजी आने का श्रेय घरेलू हाजिर बाजार की मांग में आई तेजी को दिया।

Gold hits new high of Rs 38,820; silver jumps Rs 1,140- India TV Hindi
Gold hits new high of Rs 38,820; silver jumps Rs 1,140 Image Source : GOLD HITS NEW HIGH OF RS

नई दिल्ली। आभूषण कारोबारियों के सतत लिवाली के समर्थन से दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने का भाव 50 रुपए की तेजी के साथ 38,820 रुपए की नई ऊंचाई को छू गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के ताजा उठाव की वजह से चांदी की कीमत भी 1,140 रुपए के उछाल के साथ 45,040 रुपए प्रति किग्रा हो गई।

बाजार सूत्रों ने सोने की कीमतों में तेजी आने का श्रेय घरेलू हाजिर बाजार की मांग में आई तेजी को दिया। उन्होंने कहा कि हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के रुख ने लाभ को कुछ सीमित कर दिया। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में नरमी के कारण भी सर्राफा कीमतों में तेजी आई क्योंकि सुस्त शेयर बाजार की जगह निवेशकों ने सर्राफा की ओर अपना रुझान दिखाया।

अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोने की कीमत में कमजोरी रही लेकिन यह 1,500 डॉलर प्रति औंस के आसपास ही मंडराता रहा। न्यूयॉर्क में हाजिर सोने का भाव कम यानी 1,499.20 डॉलर प्रति औंस था, जबकि चांदी का भाव गिरावट दर्शाता हुआ 17.08 डॉलर प्रति औंस था।

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 50-50 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 38,820 रुपए और 38,650 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गिन्नी की कीमत 200 रुपए की तेजी के साथ 28,800 रुपए प्रति आठ ग्राम हो गई।

इस बीच हाजिर चांदी 1,140 रुपए के उछाल के साथ 45,040 रुपए प्रति किग्रा और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी का भाव 210 रुपए की तेजी दर्शाता 43,632 रुपए प्रति किग्रा हो गया। चांदी सिक्कों की भी अच्छी मांग थी और इसकी कीमत 2,000 रुपए की तेजी के साथ लिवाल 91,000 रुपए और बिकवाल 92,000 रुपए प्रति सैकड़ा हो गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा