1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: आभूषण विक्रेताओं की खरीदारी से सोना 100 रुपए हुआ महंगा, चांदी की भी चमक बढ़ी

Gold rate today: आभूषण विक्रेताओं की खरीदारी से सोना 100 रुपए हुआ महंगा, चांदी की भी चमक बढ़ी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 11, 2018 03:50 pm IST,  Updated : May 11, 2018 03:50 pm IST

सोने की कीमतों में तेजी का सिलसिला आज लगातार छठे दिन जारी रहा। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपए की बढ़त के साथ 32,400 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जो इसका दो सप्ताह का उच्चस्तर है।

gold shop- India TV Hindi
gold shop

नई दिल्‍ली। सोने की कीमतों में तेजी का सिलसिला आज लगातार छठे दिन जारी रहा। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपए की बढ़त के साथ 32,400 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जो इसका दो सप्ताह का उच्चस्तर है। स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सतत खरीदारी से सोने में तेजी आई है। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 330 रुपए की बढ़त के साथ 41,000 रुपए के स्तर को पार कर 41,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। 

कारोबारियों ने कहा कि मौजूदा शादी-विवाह के सीजन की वजह से स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की लिवाली तथा विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख से यहां सोने में तेजी आई है। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.01 प्रतिशत बढ़कर 1,321.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16.69 डॉलर प्रति औंस रही। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 100-100 रुपए बढ़कर क्रमश: 32,400 और 32,250 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 25 अप्रैल के बाद इसका उच्चस्तर है। पिछले पांच सत्रों में सोना 320 रुपए मजबूत हुआ है। गिन्नी के भाव 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर कायम रहे। 

सोने की तर्ज पर चांदी हाजिर 330 रुपए की बढ़त के साथ 41,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव भी 330 रुपए की बढ़त के साथ 40,400 रुपए प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का लिवाल 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा और बिकवाल 76,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा