1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोने के दाम में फिर बदलाव, 10 ग्राम गोल्ड के नए रेट देखें

सोने के दाम में फिर बदलाव, 10 ग्राम गोल्ड के नए रेट देखें

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 21, 2021 05:30 pm IST,  Updated : Oct 21, 2021 05:30 pm IST

चांदी की कीमत भी 198 रुपये की तेजी के साथ 63,896 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 63,698 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी।

सोने के दाम में फिर बदलाव, 10 ग्राम गोल्ड के नए रेट देखें- India TV Hindi
सोने के दाम में फिर बदलाव, 10 ग्राम गोल्ड के नए रेट देखें Image Source : FILE

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोना सात रुपये की मामूली तेजी के साथ 46,503 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,496 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 198 रुपये की तेजी के साथ 63,896 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 63,698 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली तेजी के साथ 1,783 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया जबकि चांदी 24.18 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोने की हाजिर कीमत 1,783 डॉलर प्रति औंस होने से सोने की कीमतों में मजबूती रही। डॉलर के कमजोर होने से सोने की कीमत में तेजी आई।’’

सेंसेक्स 336 अंक लुढ़का, निफ्टी 18,200 के नीचे बंद

बीएसई सेंसेक्स में बृहस्पतिवार को 336.46 अंक की गिरावट आयी। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और टीसीएस जैसे प्रमुख शेयरों में गिरावट से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 336.46 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60,923.50 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 88.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत टूटकर 18,178.10 अंक पर बंद हुआ। 

सेंसेक्स के शेयरों में एशियन पेंट्स करीब 5 प्रतिशत टूटकर सर्वाधिक नुकसान में रहा। इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, टाटा स्टील, टीसीएस और डा.रेड्डीज में भी प्रमुख रूप से गिरावट आयी। दूसरी तरफ, कोटक बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक और एनटीपीसी लाभ में रहने वाले शेयरों में शामिल हैं। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि बाजार के समक्ष कुछ चुनौतियां हैं। इसमें शेयरों का अधिक मूल्यांकन शामिल है, जो अब टिकाऊ नहीं रहा और जिंसों की मुद्रास्फीति बढ़ने से कंपनियों के मार्जिन पर असर पड़ेगा। 

उन्होंने कहा, ‘‘विदेशी और घरेलू दोनों संस्थागत निवेशकों की बिकवाली यह संकेत देती है कि बाजार में काफी तेजी आ चुकी है और मूल्यांकन ऊंचा है।’’ एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहें जबकि चीन में शंघाई कंपोजिट सूचकांक लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा