1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. आभूषण निर्माताओं की मांग बढ़ने से सोना 32000 के पार, चांदी के भाव में भी आई 250 रुपए की तेजी

आभूषण निर्माताओं की मांग बढ़ने से सोना 32000 के पार, चांदी के भाव में भी आई 250 रुपए की तेजी

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Apr 14, 2018 05:24 pm IST,  Updated : Apr 14, 2018 05:24 pm IST

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से वैश्विक स्तर पर आयी तेजी तथा स्थानीय आभूषण निर्माताओं की बढ़ी मांग से स्थानीय सर्राफा बाजार में आज सोना 300 रुपए मजबूत होकर 32,100 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं की मांग से चांदी भी 250 रुपए की तेजी के साथ 40 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी।

Gold Price Surge- India TV Hindi
Gold Price Surge  

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से वैश्विक स्तर पर आयी तेजी तथा स्थानीय आभूषण निर्माताओं की बढ़ी मांग से स्थानीय सर्राफा बाजार में आज सोना 300 रुपए मजबूत होकर 32,100 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं की मांग से चांदी भी 250 रुपए की तेजी के साथ 40 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी। कारोबारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश के रूप में वैश्विक स्तर पर सोने की मांग बढ़ी है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर खुदरा मांग की पूर्ति के लिए आभूषण निर्माताओं की मांग आने से सोने को आज तेजी मिली है।

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना कल 0.83 प्रतिशत उछलकर 1,345.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी की चमक में 1.22 प्रतिशत इजाफा हुआ और यह 16.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गयी।

स्थानीय बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 300-300 रुपए की मजबूती के साथ क्रमश : 32,100 रुपए और 31,950 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 100 रुपए की बढ़त के साथ 24,900 रुपए प्रति इकाई पर पहुंच गयी।

चांदी हाजिर भी 250 रुपए मजबूत हुई और 40 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी। साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी 280 रुपए उछलकर 38,925 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। चांदी के सिक्कों में भी 1,000 रुपए की बढ़त रही। सिक्का लिवाल 75 हजार रुपए और बिकवाल 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा