1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: 140 रुपए बढ़कर 32,970 रुपए प्रति दस ग्राम हुआ सोने का भाव, चांदी में भी आई तेजी

Gold rate today: 140 रुपए बढ़कर 32,970 रुपए प्रति दस ग्राम हुआ सोने का भाव, चांदी में भी आई तेजी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 19, 2019 06:30 pm IST,  Updated : Mar 19, 2019 06:30 pm IST

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 140-140 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 32,970 रुपए और 32,800 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया।

gold price today- India TV Hindi
gold price today Image Source : GOLD PRICE TODAY

नई दिल्ली। सकारात्मक वैश्विक रुख तथा स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ताजा लिवाली से मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 140 रुपए की तेजी के साथ 32,970 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 235 रुपए की तेजी के साथ 38,960 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।  

कारोबारियों ने कहा कि विदेशों में डॉलर के कमजोर होने से शेयर बाजारों में तेजी से विदेशों में मजबूती का रुख रहा, जिससे यहां सोने की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में मंगलवार को सोना 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,308.30 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 15.47 डॉलर प्रति औंस हो गई। इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण कारोबारियों की लिवाली बढ़ने से भी तेजी के रुख को समर्थन मिला। 

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 140-140 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 32,970 रुपए और 32,800 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। पिछले दो कारोबारी सत्र में सोने में 540 रुपए की गिरावट आई थी। हालांकि आठ ग्राम की गिन्नी के भाव 26,400 रुपए प्रति इकाई पर कायम रहे। 

चांदी हाजिर 235 रुपए की तेजी के साथ 38,960 रुपए प्रति किलोग्राम तथा चांदी साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 166 रुपए की तेजी के साथ 38,031 रुपए प्रति किलोग्राम हो गए। हालांकि चांदी सिक्का लिवाल 79,000 रुपए प्रति सैकड़ा तथा बिकवाल 80,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर पूर्ववत बने रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा