1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: वैश्विक संकेतों से सोना 330 रुपए चढ़कर हुआ 32,190 रुपए प्रति 10 ग्राम, चांदी 42,000 रुपए के पार

Gold rate today: वैश्विक संकेतों से सोना 330 रुपए चढ़कर हुआ 32,190 रुपए प्रति 10 ग्राम, चांदी 42,000 रुपए के पार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 15, 2018 03:06 pm IST,  Updated : Jun 15, 2018 03:06 pm IST

वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख तथा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की खरीदारी से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 330 रुपए की बढ़त के साथ 32,190 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

gold buy- India TV Hindi
gold buy Image Source : GOLD BUY

नई दिल्‍ली। वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख तथा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की खरीदारी से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 330 रुपए की बढ़त के साथ 32,190 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी 450 रुपए की बढ़त के साथ 42,000 रुपए के स्तर को पार कर 42,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। 

बाजार कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ने से वैश्विक बाजारों में डॉलर कमजोर हुआ है। इससे सोने में मजबूती आई है। इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से भी सोने में तेजी आई। 

वैश्विक स्तर पर कल न्यूयॉर्क में सोना 0.24 प्रतिशत चढ़कर 1,301.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17.13 डॉलर प्रति औंस रही। विशेषज्ञों ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हुआ है, जिससे पीली धातु का आयात महंगा हुआ है। इस वजह से भी सोने की कीमतों में बढ़त दर्ज हुई। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 330-330 रुपए की बढ़त के साथ क्रमश: 32,190 रुपए और 32,040 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। कल के कारोबार में सोना 90 रुपए टूटा था। हालांकि, आठ ग्राम की गिन्नी के भाव 24,800 रुपए पर कायम रहे। 

सोने की तरह चांदी हाजिर 450 रुपए चढ़कर 42,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 370 रुपए की बढ़त के साथ 41,495 रुपए प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का लिवाल 76,000 रुपए और बिकवाल 77,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा