1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 47% बढ़ा प्रॉफिट, आज शेयरों में 6.58% की तेजी, 4.50 रुपये का डिविडेंड भी देगी ये कंपनी

47% बढ़ा प्रॉफिट, आज शेयरों में 6.58% की तेजी, 4.50 रुपये का डिविडेंड भी देगी ये कंपनी

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 12, 2025 04:58 pm IST,  Updated : Nov 12, 2025 04:58 pm IST

वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में कंपनी की बिक्री से प्राप्त आय 6.38 प्रतिशत बढ़कर 8513.70 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 8003.02 करोड़ रुपये थी।

asian paints, asian paints share price, asian paints dividend, asian paints dividend record date, as- India TV Hindi
बुधवार को कंपनी के शेयरों में दिखी जोरदार तेजी Image Source : INDIA TV

Dividend Stock: शेयर बाजार में लिस्ट कंपनियां चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर रही हैं। इस दौरान कुछ कंपनियों ने अपने निवेशकों के लिए डिविडेंड की भी घोषणा की है। इसी बीच, देश की सबसे बड़ी पेंट कंपनी एशियन पेंट्स ने भी दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। एशियन पेंट्स ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उनका नेट प्रॉफिट 46.8 प्रतिशत की भारी-भरकम बढ़ोतरी के साथ 1018.23 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 693.66 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था।

बिक्री से प्राप्त आय में भी 6.38 प्रतिशत की बढ़ोतरी

वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में कंपनी की बिक्री से प्राप्त आय 6.38 प्रतिशत बढ़कर 8513.70 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 8003.02 करोड़ रुपये थी। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एशियन पेंट्स का कुल व्यय 7376.69 करोड़ रुपये रहा। एशियन पेंट्स ने शेयर बाजार को दी एक अलग सूचना में बताया कि बुधवार को हुई उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में चालू वित्त वर्ष के लिए 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 4.50 रुपये के अंतरिम डिविडेंड के भुगतान को मंजूरी मिल गई है। इस अंतरिम डिविडेंड के लिए मंगलवार, 18 नवंबर को रिकॉर्ड डेट फिक्स किया गया है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि शेयरहोल्डरों को गुरुवार, 27 नवंबर को या उससे पहले ही डिविडेंड के पैसे दे दिए जाएंगे।

कंपनी के शेयरों में ताबड़तोड़ तेजी

बुधवार को एशियन पेंट्स के शानदार वित्तीय नतीजों और डिविडेंड की घोषणा के बाद इसके शेयरों में अचानक तेज खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से कंपनी के शेयर के भाव अचानक तेजी से भागने लगे। आज एनएसई पर एशियन पेंट्स के शेयर 174.80 रुपये (6.58%) की ताबड़तोड़ तेजी के साथ 2832.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। इतना ही नहीं, आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयरों ने 2838.70 रुपये का अपना नया 52 वीक हाई भी टच कर लिया। बताते चलें कि इस पेंट कंपनी के शेयरों का 52 वीक लो 2124.75 रुपये है और इसका मौजूदा मार्केट कैप 2,71,644.81 करोड़ रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा