1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. एविएशन स्टॉक्स में जोरदार उछाल, इस बड़े डेवलपमेंट से SpiceJet ने छुआ अपर सर्किट, जानें भाव

एविएशन स्टॉक्स में जोरदार उछाल, इस बड़े डेवलपमेंट से SpiceJet ने छुआ अपर सर्किट, जानें भाव

 Published : Apr 08, 2026 05:54 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 05:58 pm IST

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद एयरलाइन कंपनियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा, सरकार ने डोमेस्टिक फ्लाइट्स के लिए पार्किंग और लैंडिंग चार्ज में कटौती कर दी है।

सीजफायर की खबर से शेयर बाजार में भी जबरदस्त उछाल आया।- India TV Hindi
सीजफायर की खबर से शेयर बाजार में भी जबरदस्त उछाल आया। Image Source : ANI

अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सीजफायर के ऐलान के बाद बुधवार को एविएशन सेक्टर के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। भू-राजनीतिक तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई, जिससे एयरलाइन कंपनियों को बड़ी राहत के संकेत मिले। पीटीआई की खबर के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत में 14.12 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई और यह 93.95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

IndiGo का शेयर 8.16 प्रतिशत बढ़ा

खबर के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत में गिरावटों का सीधा फायदा एविएशन कंपनियों के शेयरों को मिला। इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड, जो IndiGo की मूल कंपनी है, का शेयर 8.16 प्रतिशत बढ़कर 4,616.60 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 10.98 प्रतिशत तक उछलकर 4,737.40 रुपये तक पहुंच गया। वहीं अजय सिंह के नेतृत्व वाले स्पाइसजेट लिमिटेड के शेयर में 5 प्रतिशत की तेजी आई और यह 11.14 रुपये पर अपने अपर सर्किट स्तर पर पहुंच गया।

बाजार में भी आई तेजी

सीजफायर की खबर से शेयर बाजार में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। BSE सेंसेक्स 2,946.32 अंक (3.95%) चढ़कर 77,562.90 पर बंद हुआ। NSE निफ्टी 50 873.70 अंक (3.78%) उछलकर 23,997.35 पर पहुंच गया।

क्यों आई तेजी?

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम से वैश्विक बाजार में सकारात्मक माहौल बना है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, जिससे महंगाई और वैश्विक आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। लायंस ब्रोकिंग के रिसर्च हेड अजीत मिश्रा के मुताबिक, बेहतर वैश्विक संकेतों और तेल की कीमतों में गिरावट ने बाजार को मजबूती दी। 

विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि कच्चे तेल से जुड़े सेक्टर जैसे रिफाइनरी, एविएशन, पेंट्स और कैपिटल गुड्स कंपनियों के शेयरों में आगे भी मजबूती बनी रह सकती है। ल मिलाकर, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक तनाव में कमी ने एविएशन सेक्टर को राहत दी है, जिससे निवेशकों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

एयरपोर्ट्स इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी AERA ने देश के सभी प्रमुख हवाई अड्डों पर घरेलू उड़ानों के लिए लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में 25 प्रतिशत की कमी कर दी है। यह राहत तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है और अगले तीन महीने तक प्रभावी रहेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा