1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market में आठ दिन से जारी तेजी पर लगा ब्रेक, मुनाफावसूली से सेंसेक्स 416 अंक लुढ़का

Stock Market में आठ दिन से जारी तेजी पर लगा ब्रेक, मुनाफावसूली से सेंसेक्स 416 अंक लुढ़का

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Dec 02, 2022 04:43 pm IST,  Updated : Dec 02, 2022 04:43 pm IST

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख से बाजार में तेजी पर विराम लगा।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

Stock Market में पिछले आठ कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स करीब 416 अंक टूट गया। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 415.69 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,868.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 604.56 अंक तक टूट गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 116.40 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,696.10 अंक पर बंद हुआ। 

इन कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट 

सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान युनिलीवर, मारुति, नेस्ले इंडिया, एचडीएफसी, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और पावरग्रिड प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, टाटा स्टील, डॉ.रेड्डीज, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजीज लाभ में रहने वाले शेयरों में शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट बृहस्पतिवार को नुकसान में रहा था।

वैश्विक बाजार में सुस्ती का असर 

 जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और बड़ी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार में तेजी पर विराम लगा। बाजार में वाहन शेयरों में अगुवाई में गिरावट आई। निर्यात कम रहने से वाहनों की बिक्री का आंकड़ा उम्मीद से कम रहा है। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 86.77 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 1,565.93 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे कमजोर होकर 81.32 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा