1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Closing Bell: सेंसेक्स 123 अंक लुढ़ककर बंद, निफ्टी भी 24,200 से नीचे फिसला, जानें आज के टॉप-5 लूजर

Closing Bell: सेंसेक्स 123 अंक लुढ़ककर बंद, निफ्टी भी 24,200 से नीचे फिसला, जानें आज के टॉप-5 लूजर

 Published : Apr 16, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Apr 16, 2026 04:19 pm IST

सेक्टोरल लेवल पर देखें तो आज आईटी, कैपिटल गुड्स और मेटल इंडेक्स में 1-1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि ऑटो, बैंक और ऑयल एंड गैस सेक्टर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.6 प्रतिशत की बढ़त हुई और स्मॉलकैप इंडेक्स में लगभग 1 प्रतिशत का इजाफा हुआ।

आज के सत्र में 2688 शेयरों में बढ़त रही, 1468 शेयर गिरे और 128 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।- India TV Hindi
आज के सत्र में 2688 शेयरों में बढ़त रही, 1468 शेयर गिरे और 128 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। Image Source : PIXABAY

बीते सत्र में तेजी के बाद गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स बीते सत्र के मुकाबले 122.56 अंक लुढ़ककर 77,988.68 अंक के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 34.55 अंक फिसलकर 24196.75 के लेवल पर टिका। निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, एचडीएफसी लाइफ, टाइटन कंपनी और अपोलो हॉस्पिटल शामिल रहे। वहीं, बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ट्रेंट, अदानी एंटरप्राइजेज, अदानी पोर्ट्स और इटरनल शामिल रहे।

एक्सपर्ट ने क्या कहा?  

रिसर्च एनालिस्ट और लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक, हरिप्रसाद के. ने कहा कि इंडेक्स ने बेहतर वैश्विक संकेतों और भू-राजनीतिक तनाव में कमी के चलते सकारात्मक शुरुआत की, लेकिन दिनभर मुनाफावसूली के दबाव के कारण ऊपरी स्तरों को बनाए नहीं रख सका। मैक्रो स्तर पर, उन्होंने कहा कि बाजार की धारणा अभी भी पश्चिम एशिया में घटनाक्रमों के प्रति संवेदनशील बनी हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित दूसरे दौर की बातचीत को लेकर शुरुआती आशावाद ने कच्चे तेल की कीमतों को ठंडा करने में मदद की, जिससे महंगाई को लेकर चिंता कुछ कम हुई। हालांकि, बाजार का बढ़त को बरकरार न रख पाना यह दर्शाता है कि निवेशक अब भी सतर्क हैं और फिलहाल तेजी के पीछे आक्रामक तरीके से भागने के मूड में नहीं हैं।

बीएसई में शामिल कंपनियों का आज प्रदर्शन

16 अप्रैल को बाजार बंद होने के समय बीएसई सेंसेक्स में शामिल कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन।
Image Source : BSE16 अप्रैल को बाजार बंद होने के समय बीएसई सेंसेक्स में शामिल कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन।

आने वाले समय में कैसा रह सकता है निफ्टी

जानकारों का अनुमान है कि आने वाले समय में 24,320–24,350 का दायरा इंडेक्स के लिए एक अहम रेजिस्टेंस क्षेत्र के रूप में काम कर सकता है। अगर इंडेक्स 24,350 के ऊपर मजबूती से टिकता है, तो शॉर्ट टर्म में पुलबैक रैली आगे बढ़कर 24,500 तक जा सकती है, और इसके बाद 24,650 का स्तर देखने को मिल सकता है। वहीं, नीचे की ओर 24,080–24,050 का दायरा इंडेक्स के लिए तत्काल सपोर्ट (समर्थन) ज़ोन के रूप में काम करेगा।

एनएसई के टॉप-5 लूजर स्टॉक्स

सिंबल LTP बदलाव %बदलाव वॉल्यूम (लाख) वैल्यू (₹ करोड़)
HDFCBANK 794.00 -15.90 -1.96 628.61 5,045.18
ONGC 282.85 -4.75 -1.65 136.26 387.09
HDFCLIFE 630.50 -9.95 -1.55 30.23 193.04
TITAN 4,462.00 -60.20 -1.33 12.84 574.73
M&M 3,220.00 -36.50 -1.12 26.79 866.27

रुपया 10 पैसे मजबूत होकर बंद

गुरुवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे की मजबूती के साथ 93.23 (अस्थायी) पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में संभावित संघर्ष विराम की उम्मीदों के चलते वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट ने रुपये को सहारा दिया। हालांकि, विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक आयातकों की ओर से डॉलर की बढ़ती मांग और विदेशी पूंजी के लगातार बहिर्प्रवाह ने रुपये की इस तेजी को सीमित कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जब कच्चे तेल की कीमतें 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रहीं, तब घरेलू मुद्रा में मजबूती देखने को मिली।

इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 93.29 पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 93.16 का उच्च स्तर छुआ, जबकि दिन में यह 93.35 के निचले स्तर तक भी फिसला। अंततः सत्र के अंत में रुपया 93.23 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर के मुकाबले 10 पैसे की बढ़त दर्शाता है। इससे पहले बुधवार को रुपया 2 पैसे की बढ़त के साथ 93.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा