1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डिफेंस स्टॉक्स ने बजट 2025 से इस साल के बीच दिया 68% तक रिटर्न, 2026 में ये शेयर बन सकते हैं हीरो

डिफेंस स्टॉक्स ने बजट 2025 से इस साल के बीच दिया 68% तक रिटर्न, 2026 में ये शेयर बन सकते हैं हीरो

 Published : Jan 31, 2026 11:29 am IST,  Updated : Jan 31, 2026 11:32 am IST

सिर्फ जनवरी महीने में डिफेंस कंपनियों के शेयरों ने 23% तक की तेजी दर्ज की है। माना जा रहा है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में संभावित डिफेंस बजट बढ़ोतरी सेक्टर के लिए दीर्घकालिक रूप से सकारात्मक रहेगी।

बजट 2025 के बाद डिफेंस सेक्टर में तेज रैली देखने को मिली।- India TV Hindi
बजट 2025 के बाद डिफेंस सेक्टर में तेज रैली देखने को मिली। Image Source : FREEPIK

केंद्रीय बजट 2026 के पेश होने से ठीक पहले डिफेंस सेक्टर के शेयरों में मजबूती देखी गई है। जहां व्यापक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है, वहीं जनवरी महीने में डिफेंस शेयरों ने 23% तक की तेजी दर्ज की है। आपको बता दें, बजट 2025 के बाद डिफेंस सेक्टर में निवेशकों को 68% तक रिटर्न मिला है। विश्लेषण के अनुसार, निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स के अधिकांश शेयरों ने बजट 2025 के बाद से बेंचमार्क निफ्टी से बेहतर प्रदर्शन किया है। आगामी बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की घोषणाओं के चलते यह सेक्टर निवेशकों की नजर में बना रह सकता है, हालांकि आगे की चाल स्टॉक-स्पेसिफिक रहने की संभावना है।

बजट उम्मीदों से डिफेंस इंडेक्स को सहारा

पिछले एक महीने में निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स में करीब 7% की तेजी आई है। इस दौरान एमटार टेक्नोलॉजीज ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया और करीब 24% का रिटर्न दिया। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (बीईएल) और सोलर इंडस्ट्रीज ने भी 15% तक की दोहरे अंकों की बढ़त दर्ज की। मिश्रा धातु निगम, GRSE, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स यानी HAL, भारत डायनेमिक्स यानी BDL, ज़ेन टेक्नोलॉजीज, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स, एस्ट्रा माइक्रोवेव प्रोडक्ट्स, डेटा पैटर्न्स (इंडिया) और पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज ने इस दौरान सिंगल डिजिट रिटर्न दिया। वहीं, डायनामैटिक टेक्नोलॉजीज, सायंट डीएलएम, यूनिमेक एयरोस्पेस एंड मैन्युफैक्चरिंग, बीईएमएल और भारत फोर्ज का प्रदर्शन सेक्टर के अन्य शेयरों की तुलना में कमजोर रहा।

बजट 2025 के बाद 68.13% तक का मिला रिटर्न

इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक, बजट 2025 के बाद डिफेंस सेक्टर में तेज रैली देखने को मिली। एमटार टेक्नोलॉजीज ने 68.13% का शानदार रिटर्न दिया, जबकि BEL और GRSE में क्रमशः 61% और 58% की तेजी दर्ज की गई। सोलर इंडस्ट्रीज 38% चढ़ा, जबकि एस्ट्रा माइक्रोवेव और पारस डिफेंस ने क्रमशः 33% और 30% का रिटर्न दिया। अन्य प्रमुख गेनर्स में भारत डायनेमिक्स (25.26%), डेटा पैटर्न्स (24.30%), भारत फोर्ज (24.16%), मिश्रा धातु निगम (23.46%) और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (22.49%) शामिल रहे।

हालांकि, सेक्टर में यह तेजी एकसमान नहीं रही। डायनामैटिक टेक्नोलॉजीज (12.25%), कोचीन शिपयार्ड (10.47%) और मझगांव डॉक (5.29%) ने सीमित बढ़त दिखाई, जबकि बीईएमएल मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।

वहीं, ज़ेन टेक्नोलॉजीज (-24.08%), सायंट डीएलएम (-28.61%) और यूनिमेक एयरोस्पेस (-34.27%) में तेज करेक्शन देखा गया।

क्या हो आगे की रणनीति

जानकारों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 में संभावित डिफेंस बजट बढ़ोतरी सेक्टर के लिए दीर्घकालिक रूप से सकारात्मक रहेगी और इससे ऑर्डर निष्पादन आधारित कमाई को मजबूती मिलेगी। हालांकि, निवेशकों को शेयर चयन में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सलाह यह है कि निवेश के लिए उन कंपनियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए जिनकी एक्जीक्यूशन क्षमता तेज हो, लोकलाइजेशन ज्यादा हो और कैश फ्लो मजबूत हो, न कि केवल बड़े ऑर्डर बुक पर फोकस किया जाए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा