1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. विदेशी निवेशकों ने शेयर मार्केट में धीमा किया निवेश, दिसंबर में अब तक इतने हजार करोड़ ही डाले

विदेशी निवेशकों ने शेयर मार्केट में धीमा किया निवेश, दिसंबर में अब तक इतने हजार करोड़ ही डाले

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Dec 18, 2022 04:49 pm IST,  Updated : Dec 18, 2022 04:49 pm IST

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार का मानना है कि विदेशी पूंजी का प्रवाह वैश्विक घटनाक्रमों पर निर्भर करेगा।

शेयर मार्केट- India TV Hindi
शेयर मार्केट Image Source : FILE

विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में निवेश की रफ्तार को धीमा कर दिया है। नवंबर के मुकाबले दिसंबर महीने में अब तक एक तिहाई ही निवेश किया है। आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने भारतीय इक्विटी बाजारों में दिसंबर महीने में अब तक करीब 10,555 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। वहीं, नवंबर में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने भारतीय बाजारों में 36,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया था। डिपॉजिटरी के आंकड़ों से पता चलता है कि एक से 16 दिसंबर के बीच एफपीआई ने 10,555 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। इससे पहले, सितंबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजारों से 7,624 करोड़ रुपये और अक्टूबर में आठ करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की थी।

दुनिया भर के बाजारों में अस्थिरता बढ़ रही 

कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा कि आने वाले समय में एफपीआई से आने वाला पूंजी प्रवाह अस्थिर रह सकता है क्योंकि दुनिया भर के बाजारों में अस्थिरता बढ़ रही है। इसकी वजह यह है कि दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने मुद्रास्फीति को काबू में करने के लिए लंबे समय तक ब्याज दरों को ऊंचे स्तर पर रखने का इरादा जताया है। भारत को छोड़कर फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, ताइवान, थाईलैंड और इंडोनेशिया समते सभी उभरते बाजारों में दिसंबर में अब तक एफपीआई प्रवाह नकारात्मक रहा है। 

वैश्विक घनाक्रमों पर निर्भर करेगा निवेश 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार का मानना है कि विदेशी पूंजी का प्रवाह वैश्विक घटनाक्रमों पर निर्भर करेगा। डॉलर सूचकांक और अमेरिकी बांड का प्रतिफल अमेरिका में मुद्रास्फीति के स्तर पर निर्भर करेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा